गौतमबुद्धनगर में 17वें जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का भव्य समापन, 5 राज्यों के 200 युवाओं ने लिया हिस्सा
गौतमबुद्धनगर: गौतमबुद्धनगर में मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से 20 से 26 फरवरी 2026 तक GNIOT, नॉलेज पार्क में आयोजित 17वें जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का आज गरिमामय समापन हुआ। छह दिवसीय इस विशेष पहल ने देश के विभिन्न जनजातीय जिलों से आए युवाओं को शिक्षा, उद्योग और राष्ट्रनिर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का सशक्त मंच प्रदान किया।
मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए विधायक तेजपाल नागर
समापन समारोह में दादरी विधानसभा के विधायक तेजपाल नागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा गीता पंडित, जीएनआईओटी की डायरेक्टर डॉ. सविता मोहन सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी रही। उपनिदेशक, मेरा युवा भारत, गौतम बुद्ध नगर शिवेंद्र सिंह ने अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न एवं पौधा भेंट कर मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।
5 राज्यों के जनजातीय जिलों से आए 200 युवा
इस छह दिवसीय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और ओडिशा के कांकेर, नारायणपुर, बस्तर, बालाघाट, गढ़चिरौली, कालाहांडी और कंधमाल जैसे जनजातीय जिलों से 200 युवाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य इन युवाओं को देश की उन्नत शैक्षणिक और औद्योगिक गतिविधियों से परिचित कराना था।
Shiv Nadar University और Amity University का शैक्षणिक भ्रमण
स्वागत भाषण में शिवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतिभागियों को Shiv Nadar University और Amity University का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। यहां युवाओं ने आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, शोध एवं नवाचार प्रयोगशालाओं तथा डिजिटल लर्निंग वातावरण को निकट से देखा और समझा।

दिल्ली दर्शन: प्रधानमंत्री संग्रहालय से नेशनल वॉर मेमोरियल तक
दिल्ली भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री संग्रहालय में देश के प्रधानमंत्रियों के योगदान की जानकारी प्राप्त की। साथ ही India Gate और National War Memorial पर जाकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इन अनुभवों ने युवाओं में राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को और सुदृढ़ किया।
Priya Gold से Hero MotoCorp तक औद्योगिक इकाइयों का दौरा
औद्योगिक भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने Priya Gold, Hero MotoCorp, New Holland Agriculture तथा Busung India जैसी प्रतिष्ठित इकाइयों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण और तकनीकी नवाचार की विस्तृत जानकारी दी गई।
विधायक तेजपाल नागर बोले—यह केवल भ्रमण नहीं, व्यक्तित्व निर्माण का मंच
विधायक तेजपाल नागर ने अपने संबोधन में कहा कि यह कार्यक्रम मात्र शैक्षणिक या औद्योगिक भ्रमण नहीं, बल्कि अनुभवों का ऐसा संगम है जिसने युवाओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय दृष्टिकोण को नई दिशा दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से मिली प्रेरणा प्रतिभागियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएगी।

डॉ. सविता मोहन ने कहा—अनुभव और संवाद से मिलती है वास्तविक शिक्षा
जीएनआईओटी की डायरेक्टर डॉ. सविता मोहन ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होती, बल्कि अनुभव, संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान से ही वास्तविक सीख संभव है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों से आए युवाओं को नई तकनीकों, उच्च शिक्षा के अवसरों और औद्योगिक विकास की जानकारी मिली है, जो उनके भविष्य के लिए सहायक सिद्ध होगी।
गीता पंडित ने कहा—जनजातीय युवा देश की अमूल्य धरोहर
नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा गीता पंडित ने कहा कि जनजातीय युवा देश की अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समरसता और आपसी समझ को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि जब विभिन्न राज्यों के युवा एक मंच पर मिलते हैं तो ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूती मिलती है।
विजेताओं को प्रमाण-पत्र, ट्रॉफी और नगद पुरस्कार
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित भाषण एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को विधायक तेजपाल नागर द्वारा प्रमाण-पत्र, ट्रॉफी और नगद पुरस्कार प्रदान किए गए। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को क्रमशः ₹5000, ₹3000 और ₹2000 तथा दो सांत्वना पुरस्कार ₹1000-₹1000 दिए गए। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में विजेता टीमों को ₹10000, ₹5000 और ₹3000 तथा दो सांत्वना पुरस्कार ₹2000-₹2000 प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के अंत में सचिव फारमूद अख्तर ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में रामवीर शर्मा, मनोज शर्मा, दिनेश शर्मा, प्रकाश तिवारी, तालिब, लक्ष्मी, रुखसार और हरिओम सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।