इंटरनेशनल करियर में चटकाए 250+ विकेट, अब KSCA का चुनाव लड़ेगा ये भारतीय दिग्गज; उठाया बड़ा कदम

0 6,477

नई दिल्ली: भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने साल 2005 में इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया था। लेकिन इसके बाद भी वह क्रिकेट के खेल से जुड़े रहे हैं। अब खबर सामने आई है कि वेंकटेश कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) के चुनावों में हिस्सा लेंगे और इस बात की संभावना है कि ये चुनाव अक्टूबर और नवंबर के बीच में हो सकते हैं।

वेंकटेश प्रसाद KSCA के रह चुके हैं उपाध्यक्ष
56 साल के वेंकटेश प्रसाद 2013 से 2016 तक कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। तब अनिल कुंबले केएससीए के अध्यक्ष थे। लेकिन उसके बाद से प्रसाद ने प्रशासनिक कार्यों से दूरी बना ली और कोचिंग करियर पर फोकस किया तथा साथ ही मीडिया जगत में क्रिकेट विशेषज्ञ के रूप में भी काम किया। वह भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच भी रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने आईपीएल में पंजाब किंग्स (पूर्व में किंग्स इलेवन पंजाब) के साथ भी कोच के रूप में काम किया था।

पैनल के बाकी सदस्यों की बाद में होगी घोषणा
वेंकटेश प्रसाद के अपार अनुभव है। वह कोच, सेलेक्टर और प्रशासक रहे हैं। प्रसाद के पैनल में अनुभवी प्रशासक विनय मृत्युंजय भी होंगे। मृत्युंजय केएससीए के पूर्व कोषाध्यक्ष और बीसीसीआई की वित्त समिति के सदस्य हैं। पता चला है कि प्रसाद और मृत्युंजय आने वाले दिनों में अपने पैनल के पूरे सदस्यों की घोषणा करेंगे। रघुराम भट्ट की अध्यक्षता वाली केएससीए की कार्यकारिणी का कार्यकाल 30 सितंबर को समाप्त होगा।

वनडे क्रिकेट में वेंकटेश प्रसाद ले चुके 196 विकेट
वेंकटेश प्रसाद ने भारतीय टीम के लिए टेस्ट क्रिकेट में साल 1996 में डेब्यू किया था। इसके बाद से ही उन्होंने 33 टेस्ट मैचों में कुल 96 विकेट चटकाए हैं। इसके अलावा 161 वनडे मैचों में उनके नाम पर 196 विकेट दर्ज हैं। इस तरह से इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने कुल 292 विकेट झटके हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.