दर्दनाक सड़क हादसे में 29 साल की एक्ट्रेस की मौत, शूटिंग से लौटते वक्त 10 पहिए वाली लॉरी ने कुचला

0 317

बांग्ला टीवी की उभरती हुई अदाकारा सुचंद्र दासगुप्ता का सड़क दुर्घटना में निधन हो गया है। रिपोर्ट्स की मानें तो वे 29 साल की थीं। बताया जा रहा है कि शनिवार देर शाम जब वे शूटिंग कंप्लीट कर घर लौट रही थीं, तभी बड़नगर, पश्चिम बंगाल में उनके साथ हादसा हो गया और उन्हें बचाया नहीं जा सका। सुचंद्र बड़नगर के पनिहाती की रहने वाली थीं।

पुलिस के मुताबिक़, एक्ट्रेस ने घर वापस जाने के लिए एक एप बेस्ड बाइक राइड बुक की थी। बड़नगर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले घोष पारा के पास उनका एक्सीडेंट हो गया। बताया जा रहा है कि सुचंद्र की बाइक के सामने अचानक से एक साइकिल सवार आ गया था। उसे बचाने के लिए बाइक के ड्राइवर ने ब्रेक लगाया। एकदम से ब्रेक लगने की वजह से सुचंद्र को झटका लगा और वे बाइक पर से सड़क पर जा गिरीं और वहां से गुजर रही एक 10 पहिए वाली लॉरी के नीचे आ गईं। सुचंद्र ने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन फिर भी वे नहीं बच सकीं। एक्ट्रेस के गिरते ही आसपास के लोग तुरंत उनकी ओर दौड़ पड़े, लेकिन उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने लॉरी के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस घटना के बारे में विस्तार से जानने के लिए वहां लगे CCTV कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है।

सुचंद्र के अचानक निधन से बांग्ला एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में मातम छा गया है। उनके साथ काम कर चुके सह-अभिनेताओं और अन्य कलीग्स ने उनके निधन पर शोक जताया है। एक्ट्रेस के परिवार वाले गहरे सदमे में हैं तो वहीं उनके फैन्स का भी दिल टूट गया है। उन्होंने बंगाली भाषा के कई टीवी सीरियल्स में काम किया था। इनमें जी बांग्ला का शो ‘गौरी एलो’ भी शामिल है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.