मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक तीन मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मलबे में कई लोगों के फंसे होने की सूचना सामने आई। राहत और बचाव कार्य के दौरान अब तक 6 लोगों को बाहर निकाला गया है, जिनमें से 3 की मौत हो चुकी है, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मलबे से 6 लोगों को निकाला गया, 3 की हालत गंभीर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अनूपपुर के पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान ने बताया कि शनिवार शाम से लगातार बचाव अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक 6 लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है, जिनमें 3 लोगों की मौत हो गई है और 3 की हालत स्थिर बताई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक इमारत की संरचना काफी कमजोर थी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
मामला दर्ज, जांच शुरू
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी के अनुसार, इस घटना को लेकर संबंधित धाराओं 304ए और 290 के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि इमारत के निर्माण में किस स्तर पर लापरवाही हुई।
सीएम मोहन यादव ने जताया शोक, मुआवजे की घोषणा
हादसे पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 4-4 लाख रुपये, संबल योजना के तहत 4-4 लाख रुपये और रेडक्रॉस से 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा घायलों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 2-2 लाख रुपये और रेडक्रॉस से 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की गई है।
सरकार ने हर संभव मदद का दिया भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। वहीं प्रशासन का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन अंतिम चरण में है और मलबे की पूरी तरह जांच की जा रही है।