ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के दौर में फिल्मों की किस्मत अब सिनेमाघरों तक सीमित नहीं रही। कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर औसत रहने के बाद डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जबरदस्त सफलता हासिल कर रही हैं। इसी कड़ी में एक ऐसी ड्रामा-थ्रिलर फिल्म ने दर्शकों को हैरान कर दिया है, जिसमें काल, ग्रह-नक्षत्र और साइकोलॉजिकल सस्पेंस का अनोखा मिश्रण देखने को मिलता है। करीब 2 घंटे 20 मिनट की यह फिल्म अपने दमदार कंटेंट और चौंकाने वाले क्लाइमैक्स के चलते लगातार चर्चा में बनी हुई है।
छोटे बजट की फिल्म, लेकिन सस्पेंस है हाई लेवल
DNA एक ऐसी थ्रिलर है, जो ज्योतिष और विज्ञान के टकराव को बेहद रोचक अंदाज में पेश करती है। फिल्म में Atharvaa Murali और Nimisha Sajayan मुख्य भूमिका में हैं। जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, हर सीन के साथ सस्पेंस गहराता जाता है और दर्शक पूरी फिल्म से बंधे रहते हैं। कम बजट में बनी इस फिल्म का ट्रीटमेंट और ट्विस्ट इसे अलग पहचान देते हैं।
कहानी: रिश्ते, रहस्य और डर का संगम
फिल्म की कहानी दिव्या और आनंद नाम के दो किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी-अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। दिव्या मानसिक रूप से अस्थिर है, जबकि आनंद अपने पहले प्यार को खोने के बाद टूट चुका है। हालात ऐसे बनते हैं कि दोनों की शादी हो जाती है। शादी के बाद जिंदगी सामान्य लगती है, लेकिन बच्चे के जन्म के बाद कहानी खौफनाक मोड़ ले लेती है। दिव्या दावा करती है कि उसका बच्चा बदल दिया गया है। शुरुआत में इस पर विश्वास नहीं होता, लेकिन जैसे-जैसे सच्चाई सामने आती है, कहानी और भी डरावनी होती चली जाती है।
मनोवैज्ञानिक थ्रिल और चाइल्ड ट्रैफिकिंग का एंगल
फिल्म में सिर्फ सस्पेंस ही नहीं, बल्कि गहरे सामाजिक और मनोवैज्ञानिक मुद्दों को भी उठाया गया है। कहानी आगे बढ़ने पर इंटरनेशनल चाइल्ड ट्रैफिकिंग सिंडिकेट और मानसिक संघर्ष से जुड़े चौंकाने वाले खुलासे सामने आते हैं। साथ ही यह भी दिखाया गया है कि समाज के पूर्वाग्रह किस तरह एक मां के मातृत्व पर सवाल खड़े कर देते हैं।
धांसू क्लाइमैक्स और शानदार रेटिंग
फिल्म का क्लाइमैक्स इसका सबसे मजबूत पक्ष है, जो दर्शकों को झकझोर कर रख देता है। यही वजह है कि इसे बुक माई शो पर 8.9 की शानदार रेटिंग मिली है, जबकि आईएमडीबी पर भी इसे 7.2 रेटिंग हासिल है। Nelson Venkatesan के निर्देशन में बनी यह फिल्म अब ओटीटी प्लेटफॉर्म JioHotstar पर हिंदी में भी उपलब्ध है।