राजस्थान में भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए खुशखबरी, इन जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी

0 240

जयपुरः राजस्थान में अधिकांश जगहों पर लोग भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। राज्य के लोगों को जल्द ही भीषण गर्मी से निजात मिलने वाली है। मौसम विभाग की मानें तो एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के कई हिस्सों में तेज आंधी व बारिश की संभावना बनी है।

आज इन जिलों में बरस सकता है पानी

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कुछ भागों में अगले 2-3 दिन दोपहर बाद बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ, आंधी-बारिश की संभावना है और इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री गिरावट होगी। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज भी बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में दोपहर बाद आंधी तथा हल्की बारिश की संभावना है।

शुक्रवार और शनिवार को यहां पर आंधी-बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने बताया कि विक्षोभ का सर्वाधिक असर 11-12 अप्रैल को रहेगा। 11 अप्रैल को बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, जयपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। वहीं 12 अप्रैल को उदयपुर, अजमेर, जयपुर, कोटा, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने व हल्की मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है।

14 अप्रैल के बाद फिर बढ़ेगी गर्मी

इसके बाद 13 अप्रैल से अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने तथा तापमान में 2-3 डिग्री बढ़ोतरी होने की संभावना है। विभाग के अनुसार 14-15 अप्रैल से दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में पुनः अधिकतम तापमान 45 डिग्री के आसपास दर्ज होगा तथा गर्मी और लू का नया दौर शुरू होगा।

राजस्थान के इन जिलों में पड़ रही है भीषण गर्मी

बता दें कि राजस्थान में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। प्रदेश में बुधवार को जैसलमेर में 43.6 डिग्री सेल्सियस, चित्तौड़गढ़ में 43.1 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 43.4 डिग्री सेल्सियस और श्रीगंगानगर में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके साथ ही जयपुर में 43 डिग्री, फलौदी में 43.8,चूरू में 43.5, कोटा में 43.2 और पिलानी में 43.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.