गौतमबुद्धनगर की तीनों विधानसभा सीटों पर मतदान केंद्रों का नया बंटवारा मंजूर, अब 1,926 मतदेय स्थलों पर होगी वोटिंग

0 18

गौतमबुद्धनगर: जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों के नए निर्धारण को निर्वाचन आयोग ने मंजूरी दे दी है। इस प्रक्रिया के बाद जिले में कुल 766 मतदान केंद्रों पर 1,926 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के तहत मतदेय स्थलों के संभाजन और संशोधन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में 21 और 26 अक्टूबर 2026 को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई थी। बैठकों में विचार-विमर्श के बाद मतदेय स्थलों को अंतिम रूप दिया गया। इसके बाद संशोधन प्रस्ताव 27 अक्टूबर 2026 को मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ को भेजे गए थे। निर्वाचन आयोग ने इन प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है।

नोएडा, दादरी और जेवर में इतने मतदान केंद्र और मतदेय स्थल

निर्वाचन आयोग से मिली स्वीकृति के अनुसार तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों की संख्या इस प्रकार तय की गई है:

  • विधानसभा क्षेत्र 61-नोएडा में 234 मतदान केंद्र और 784 मतदेय स्थल।
  • विधानसभा क्षेत्र 62-दादरी में 328 मतदान केंद्र और 747 मतदेय स्थल।
  • विधानसभा क्षेत्र 63-जेवर में 204 मतदान केंद्र और 395 मतदेय स्थल।

इस तरह पूरे जनपद में कुल 766 मतदान केंद्रों के अंतर्गत 1,926 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।

पहले 2,024 थे मतदेय स्थल, अब घटकर 1,926 हुए

प्रशासन के मुताबिक, मतदेय स्थलों के नए निर्धारण से पहले जिले में 743 मतदान केंद्र और 2,024 मतदेय स्थल थे। संशोधन प्रक्रिया के दौरान 32 नए मतदान केंद्र और 12 नए मतदेय स्थल बढ़ाए गए, जबकि 9 मतदान केंद्र और 110 मतदेय स्थल कम किए गए हैं।

निर्वाचन आयोग की मंजूरी के बाद अब जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों की अंतिम संख्या तय हो गई है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.