छठ पूजा पर घाटों में बरतें सावधानी, गौतमबुद्धनगर प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी; इन नियमों का करें पालन

0 20

गौतमबुद्धनगर: आगामी त्योहारों और छठ पूजा के दौरान आमजन की सुरक्षा को लेकर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाने की अपील की है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह ने कहा कि छठ पूजा के अवसर पर घाटों, तालाबों, नदियों और अन्य जलाशयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में जल दुर्घटना, आगजनी या किसी अन्य आपात स्थिति से बचने के लिए सभी नागरिकों को सतर्क और जिम्मेदार रहने की जरूरत है।

अजीत कुमार सिंह ने लोगों से अपील की है कि पर्व के दौरान खुद की सुरक्षा के साथ दूसरों का भी ध्यान रखें। किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें और अपुष्ट सूचनाओं को सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से साझा न करें। आपात स्थिति में घबराने के बजाय संयम बनाए रखें और तत्काल प्रशासन को सूचना दें। उन्होंने सामूहिक सहयोग और सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए छठ पूजा को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जारी किए सुरक्षा निर्देश

प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी में श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के लिए कई जरूरी सावधानियां बताई गई हैं। इनका पालन कर दुर्घटनाओं और अप्रिय घटनाओं से बचा जा सकता है।

  • श्रद्धालु केवल प्रशासन की ओर से निर्धारित और सुरक्षित पूजा स्थलों एवं घाटों पर ही पूजा-अर्चना करें। प्रतिबंधित और अधिक गहरे पानी वाले स्थानों पर जाने से बचें।
  • नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में उतरते समय विशेष सावधानी बरतें। बच्चों को पानी के किनारे अकेला न छोड़ें और उन पर लगातार नजर रखें।
  • जलाशयों में निर्धारित सुरक्षित सीमा से अधिक गहराई तक न जाएं। प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
  • पूजा स्थलों पर भीड़ को नियंत्रित रखें। धक्का-मुक्की या भगदड़ जैसी स्थिति पैदा न होने दें।
  • दीपक, धूप, अगरबत्ती और अन्य ज्वलनशील सामग्री का इस्तेमाल सावधानी से करें। पूजा स्थल के आसपास आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम रखें।
  • बिजली के तारों, अस्थायी विद्युत कनेक्शनों और सजावटी लाइटों से दूरी बनाए रखें। खुले या क्षतिग्रस्त तारों को बिल्कुल न छुएं।
  • घाटों पर फिसलन, गंदगी और जलभराव वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतें।
  • किसी दुर्घटना, आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासनिक अधिकारियों और आपातकालीन सेवाओं को दें।
  • घाटों और पूजा स्थलों पर तैनात पुलिस, प्रशासन, अग्निशमन और बचाव दल के कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें और उन्हें पूरा सहयोग दें।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

जिला प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मदद के लिए जिला आपातकालीन नियंत्रण कक्ष के नंबर जारी किए हैं। नागरिक 0120-2978231 और 0120-2978232 पर संपर्क कर सकते हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान सतर्कता, आपसी सहयोग और सुरक्षा नियमों का पालन बेहद जरूरी है। सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे जिम्मेदारी के साथ पर्व मनाएं, ताकि छठ पूजा और अन्य त्योहार सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.