लखनऊ। अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला 25 अगस्त को लखनऊ आएंगे। उनके आगमन को लेकर परिवार के साथ ही शहर के लोग भी उत्साहित हैं। 17 महीनों के बाद लखनऊ आ रहे शुभांशु के स्वागत के लिए चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर कई गणमान्य लोगों के साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी उपस्थित रहेंगे। प्रस्तावित आगमन पर लखनऊ नगर निगम ऐतिहासिक उत्सव का आयोजन करेगा। इस अवसर पर शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। साथ ही उनके स्वागत में महापौर सुषमा खर्कवाल के नेतृत्व में पार्षदगण, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहेंगे।
शुक्रवार को महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में आयोजित नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक में सर्वप्रथम कार्यकारिणी के छह नए सदस्यों के नामों की घोषणा की गई। इनमें सदस्य अरुण कुमार राय, पिंकी रावत, राजेश सिंह, राम नरेश चौरसिया, संदीप शर्मा एवं पृथ्वी गुप्ता शामिल हैं। घोषणा के उपरांत सभी कार्यकारिणी सदस्यों की सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष पद का चुनाव कराया गया। जिसमें पार्षद चरणजीत गांधी नगर निगम लखनऊ की उपाध्यक्ष चुनी गईं।

बैठक में स्ट्रीट लाइटों की खराब व्यवस्था को सुधारने, पार्कों के सुधार, नालों, पिंक टॉयलेटों की स्थिति बेहतर बनाने, मृतक आश्रितों को समय पर नौकरी दिलाने, बरसात में सड़कों की दुर्दशा सुधारने, सीवर समस्याओं और स्वेज कंपनी के कार्यों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही आगामी त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए शहर में स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और सड़कों पर पैचवर्क कराने के निर्देशों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
गौरतलब है कि शुभांशु शुक्ला का घर लखनऊ के त्रिवेणी नगर इलाके में पड़ता है। जहां उनके माता-पिता रहते हैं। इस मौके पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, नम्रता सिंह, अरुण कुमार गुप्त, डॉ. अरविंद कुमार राव, जीएम जलकल कुलदीप सिंह, चीफ इंजीनियर, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, सहायक नगर आयुक्त, समस्त जोनल अधिकारी, अभियंता, नगर निगम एवं जलकल विभाग के अधिकारी तथा नगर निगम की कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।