Teachers’ Day 2025: शिक्षक दिवस पर पांच को राज्‍य के 128 शिक्षक होंगे सम्मानित

0 91

Teachers’ Day 2025: शिक्षक दिवस हर साल 5 सितंबर को मनाया जाता है। हालांकि दुनिया भर में शिक्षक दिवस 5 अक्टूबर को मनाया जाता है, लेकिन भारत में शिक्षक दिवस 5 सितंबर को मनाया जाता है। इसके पीछे का कारण भारत के एक महान व्यक्तित्व से जुड़ा है। दरअसल, इसी दिन भारत के दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन (Dr Sarvepalli Radhakrishnan) का जन्म हुआ था। वे एक दार्शनिक, विद्वान, शिक्षक और राजनीतिज्ञ थे और शिक्षा के प्रति उनके समर्पित कार्यों ने उनके जन्मदिन को भारत के इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन बना दिया।

Teachers’ Day 2025: पांच को राज्‍य के 128 शिक्षक होंगे सम्मानित
शिक्षक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में राज्य के शिक्षा के प्रति समर्पित शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से गुरुवार को दी गई। परिषद की ओर से बताया गया है कि इस सम्मान समारोह में कुल 128 शिक्षकों का चयन सम्मान समारोह के लिए किया गया है।

शिक्षकों के व्यावसायिक विकास हेतु राज्य के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा चलाए जा रहे 50 घंटे के अनिवार्य एकीकृत-सतत व्यावसायिक विकास कार्यक्रम (सीसीपीडी) के मॉड्यूल लेखन, मॉड्यूल का डिजिटल प्रारूप, आवासीय एवं गैर-आवासीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न करने वाले 128 शिक्षकों को सम्मान स्वरूप शॉल, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

शिक्षकों को मिलेगा ये सम्मान
कार्यक्रम में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए अनुशंसित पीएम श्री उच्च विद्यालय, मनुवा, रामगढ़ के सहायक शिक्षक सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता और उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, द्वारी, चतरा के सहायक शिक्षक मनोज कुमार चौबे को 25,000 रुपये की सम्मान राशि, शॉल, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.