NCR में बढ़ते प्रदूषण पर सख्ती, नोएडा में सेक्टर-94 से 135 तक यमुना पुस्ता मार्ग का निरीक्षण; सफाई और मरम्मत के निर्देश
गौतमबुद्धनगर: दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की गंभीर स्थिति और ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के मद्देनजर उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. आर.पी. सिंह ने सोमवार को गौतमबुद्धनगर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर प्रदूषण नियंत्रण के उपायों का जायजा लिया। उनके साथ मुख्य पर्यावरण अधिकारी राधेश्याम भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान सड़क की मरम्मत, धूल-मिट्टी की सफाई और निर्माण एवं विध्वंस (C&D) अपशिष्ट के उचित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
दौरे के दौरान बोर्ड अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से जिले में वायु प्रदूषण की मौजूदा स्थिति, उसे नियंत्रित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर चर्चा की। उन्होंने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आर.के. सिंह से भी प्रदूषण नियंत्रण के उपायों पर विचार-विमर्श किया।
इसके बाद नोएडा में यमुना पुस्ता मार्ग पर सेक्टर-94 से सेक्टर-135 तक स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को सड़क की मरम्मत कराने, जमा धूल-मिट्टी की सफाई करने और C&D अपशिष्ट का उचित तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसका उद्देश्य सड़क और आसपास के क्षेत्रों में उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करना है।
निरीक्षण के दौरान बोर्ड अध्यक्ष ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्ण करुणेश को यमुना पुस्ता मार्ग की नियमित साफ-सफाई, धूल नियंत्रण और जरूरी रखरखाव के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
डॉ. आर.पी. सिंह ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वायु प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार, सहायक अभियंता मुकेश कुमार, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नोएडा क्षेत्रीय अधिकारी रितेश कुमार तिवारी और ग्रेटर नोएडा के क्षेत्रीय अधिकारी विकास मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।