जनगणना-2027: डीएम मेधा रूपम ने परिवार के साथ खुद दर्ज कराई जानकारी, 8 हजार प्रगणक घर-घर जाकर करेंगे गणना

0 50

गौतमबुद्धनगर: जनगणना-2027 के तहत 16 नवंबर 2026 से स्वगणना अभियान की शुरुआत हो गई है। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी मेधा रूपम और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तथा जिला जनगणना अधिकारी अजीत सिंह ने स्वयं और अपने परिवार की जानकारी भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज कर अभियान का शुभारंभ किया। दोनों अधिकारियों ने जनपद के लोगों से भी इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने निर्वाचन कार्य के तहत आयोजित बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) के प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी जनगणना-2027 को लेकर चर्चा की। उन्होंने सभी बीएलओ से स्वगणना अभियान में भाग लेने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का अनुरोध किया। इस दौरान उन्होंने जनगणना से मिलने वाले आंकड़ों की उपयोगिता और देश व समाज के विकास, सरकारी योजनाओं के निर्माण तथा प्रशासनिक फैसलों में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से बताया।

अपर जिलाधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि स्वगणना की अवधि में जनपदभर में जागरूकता और प्रचार अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को ऑनलाइन स्वगणना के लिए प्रेरित कर शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करना है। जनगणना में यह ध्यान रखा जाएगा कि कोई भी व्यक्ति गणना से छूटे नहीं और किसी की जानकारी दो बार दर्ज न हो। जनपद में किराये पर रहकर नौकरी, व्यवसाय या अन्य काम करने वाले लोगों की गणना भी यहीं की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जनगणना के दौरान जुटाई जाने वाली व्यक्तिगत जानकारी जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 15 के तहत गोपनीय रखी जाती है।

स्वगणना के लिए लोग भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने और परिवार के सदस्यों की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद मिलने वाली विशिष्ट स्वगणना पहचान संख्या (SE ID) को सुरक्षित रखना जरूरी है। जब जनगणना के लिए प्रगणक घर पहुंचेंगे, तब उन्हें यह पहचान संख्या उपलब्ध करानी होगी।

जनपद में जनगणना का काम सुचारु रूप से पूरा कराने के लिए 12 चार्जों के अंतर्गत करीब 8,000 प्रगणकों की तैनाती की गई है। ये प्रगणक 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर लोगों की गणना करेंगे। स्वगणना की अवधि में भी वे अपने आवंटित क्षेत्रों में जाकर लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करेंगे। इसके अलावा अन्य माध्यमों से भी विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।

जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे 16 से 30 नवंबर 2026 के बीच अपनी और परिवार की स्वगणना अवश्य पूरी करें। साथ ही, क्षेत्रीय गणना के दौरान घर पहुंचने वाले प्रगणकों को जरूरी सहयोग दें, ताकि जनगणना का कार्य व्यापक भागीदारी और सटीकता के साथ पूरा किया जा सके।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.