पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पलटी बाढ़ पीड़ितों के बचाव कार्य में जुटी नौका, 5 लोगों की मौत

0 306

लाहौर: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बाढ़ पीड़ितों को ले जा रही एक नाव के पलटने से पांच लोगों की मौत हो गई है। यह घटना शनिवार शाम मुल्तान जिले के जलालपुर पीरवाला में लाहौर से लगभग 350 किलोमीटर दूर हुई, जहां तेज बहाव के कारण बचाव कार्यों में लगी नाव पलट गई।

30 लोगों को रेस्क्यू कर ले जा रही थी नाव

प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) के महानिदेशक इरफान अली काठिया ने बताया कि नाव में लगभग 30 बाढ़ पीड़ित सवार थे। इस हादसे में एक महिला और चार बच्चे डूब गए, जबकि बाकी लोगों को बचा लिया गया। अधिकारी ने यह भी बताया कि बाढ़ पीड़ितों ने जीवन रक्षक जैकेट नहीं पहनी थी।

घटना की जांच शुरू

काठिया ने कहा कि पंजाब में 23 अगस्त से शुरू हुई बाढ़ के बाद से अब तक 25,000 से अधिक सफल नाव बचाव अभियान चलाए गए हैं और यह पहली बार है जब नाव पलटी है। उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है कि नाव पर सभी बाढ़ पीड़ितों के पास जीवन रक्षक जैकेट क्यों नहीं थीं।

900 से ज्यादा लोगों की हो चुकी मौत

उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी बचाव नौकाओं में किसी भी स्थिति में अधिक संख्या में लोगों को नहीं बैठाना चाहिए और सभी में आवश्यक जीवन रक्षक जैकेट उपलब्ध होनी चाहिए। पाकिस्तान में जून के अंत से जारी भारी बारिश और बाढ़ की वजह से देश भर में अब तक 900 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जिससे भारी तबाही हुई है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.