बिहार : वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आए 5 किशोर, 3 की दर्दनाक मौत और 2 गंभीर

0 262

पूर्णिया: कटिहार-जोगबनी रेलखंड पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। जवनपुर गुमटी के पास करीब सुबह 5 बजे वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से तीन किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी किशोर दशहरा मेला देखकर लौट रहे थे। हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटना कसबा थाना क्षेत्र के यवनपुर रेलवे फाटक के समीप हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जोगबनी से पटना जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के गुजरने के दौरान ये किशोर रेलवे ट्रैक पर थे, उसी दौरान वे ट्रेन की चपेट में आ गए। मृतकों और घायलों की पहचान पूर्णिया जिले के बनमनखी प्रखंड स्थित चांदपुर भंगहा गांव के रहने वाले युवकों के रूप में हुई है, जो पूर्णिया में एक मखाना फैक्ट्री में काम करते थे।

घटनास्थल से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये सभी किशोर कसबा में लगे दशहरा मेला देखने आए थे और सुबह लौटते वक्त हादसे का शिकार हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही कसबा थाना पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेलवे पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव उन्हें सौंप दिए जाएंगे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.