प्रधानमंत्री मोदी ने कहा—त्रेता युग की अयोध्या ने मर्यादा का मार्ग दिखाया, 21वीं सदी की अयोध्या विकास का नया मॉडल गढ़ रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि अयोध्या एक बार फिर दुनिया के लिए उदाहरण बन रही है। त्रेता युग की मर्यादा नगरी अब विकसित भारत का नया विकास मॉडल प्रस्तुत कर रही है।
अयोध्या: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर के शिखर पर ध्वज फहराया। इस दौरान उनके साथ आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज समूचा विश्व राममय हो उठा है और हर रामभक्त के हृदय में अतुलनीय संतोष की अनुभूति है। निरंतर संघर्षों से मिले सदियों पुराने घाव अब भरते दिखाई दे रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज अयोध्या नगरी सांस्कृतिक चेतना के एक नए उत्कर्ष की साक्षी बन रही है। पूरा भारत और विश्व राममय हो उठा है। रामभक्तों के हृदय में एक अद्भुत शांति और संतोष है। सदियों पुराने घाव भर रहे हैं और पीड़ा का अंत हो रहा है। जो संकल्प सैकड़ों वर्षों से अधूरा था, आज वह पूर्ण हो गया है। पांच सौ वर्षों से प्रज्ज्वलित इस यज्ञ की आज पूर्णाहुति हो रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह धर्मध्वजा सिर्फ एक ध्वजा नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता के पुनर्जागरण का प्रतीक है। इसका भगवा रंग, इस पर अंकित सूर्यवंश की गौरव गाथा, ‘ॐ’ का पवित्र उच्चारण और कोविदार वृक्ष का चिह्न—ये सभी रामराज्य की महान परंपरा को दर्शाते हैं। यह ध्वज संकल्प और सफलता का प्रतीक है। संघर्ष से सृजन तक की यात्रा का साक्षी है और सदियों पुराने स्वप्नों के साकार होने का प्रतीक है। यह ध्वज संतों की तपस्या और समाज के सहयोग का सार्थक परिणाम है।
