Putin India Visit: पीएम मोदी ने रूस के राष्ट्रपति पुतिन को भेंट की गीता, जानें कहा क्या

0 134

Vladimir Putin India Visit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 2 दिवसीय दौरे पर बृहस्पतिवार को भारत पहुंचे। रूसी राष्ट्रपति पुतिन को रिसीव करने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी खुद एयरपोर्ट पहुंचे और गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। चार वर्ष बाद भारत की यात्रा पर आए पुतिन के इस दौरे को भारत अत्यधिक महत्व दे रहा है, क्योंकि यह दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती प्रदान करने वाला है। दोनों नेता एक ही कार में सवार होकर हवाई अड्डे से रवाना हुए और प्रधानमंत्री के सरकारी निवास 7 लोक कल्याण मार्ग पहुंचे। पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति के लिए रात्रिभोज का आयोजन भी किया था।

पीएम मोदी ने पुतिन को भेंट की गीता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को गीता की एक रूसी कॉपी भेंट की है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “राष्ट्रपति पुतिन को गीता की एक रूसी कॉपी भेंट की। गीता की शिक्षाएं दुनिया भर में लाखों लोगों को प्रेरणा देती हैं।”

खास है पुतिन का भारत दौरा
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का नई दिल्ली दौरा इस बार इसलिए खास हो गया है क्योंकि यह भारत-अमेरिका संबंधों में आई तल्खी के बीच हो रहा है। इस पृष्ठभूमि में दोनों देशों के बीच रक्षा, ऊर्जा, व्यापार और निवेश समेत कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।

पुतिन के दूसरे दिन का कार्यक्रम
शुक्रवार सुबह राष्ट्रपति भवन में पुतिन का औपचारिक स्वागत होगा और तीनों सेनाओं की टुकड़ियों द्वारा गारद ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद पुतिन राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। मुख्य वार्ता हैदराबाद हाउस में होगी, जहां पहले पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन वन-ऑन-वन और फिर अपने-अपने प्रतिनिधिमंडलों के साथ विस्तृत चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन भारत मंडपम में फिक्की और भारत-रूस व्यापारिक शिखर सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पुतिन के सम्मान में राजकीय भोज की मेजबानी करेंगी। रूसी राष्ट्रपति का भारत से प्रस्थान शुक्रवार रात करीब 9 बजे तय है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.