राष्ट्रीय एकता दिवस पर ग्रेटर नोएडा में सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक कलाकारों ने गीतों से दिया एकता और नशामुक्ति का संदेश
गौतमबुद्धनगर: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर MY Bharat, गौतमबुद्धनगर कार्यालय की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पटेल लोक सांस्कृतिक संस्थान, नॉलेज पार्क, ग्रेटर नोएडा के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए भारतीय लोककला, संस्कृति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोकगायक मन्नू तंवर, जयवीर भाटी और खुशी मौर्य ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान MY Bharat के उप निदेशक ने सभी कलाकारों को उनकी कला और सांस्कृतिक क्षेत्र में योगदान के लिए शॉल और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

नशामुक्त युवा का संदेश बना कार्यक्रम का खास आकर्षण
कार्यक्रम में पटेल लोक सांस्कृतिक संस्थान के अध्यक्ष और राष्ट्रीय कलाकार ब्रह्मपाल नागर ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण जयवीर भाटी और ब्रह्मपाल नागर की ओर से नशामुक्त युवा विषय पर प्रस्तुत किया गया गीत रहा।
इस गीत के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और सामाजिक कुरीतियों से बचने की अपील की गई। साथ ही युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता के रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
सरदार पटेल के योगदान को किया याद
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए किए गए योगदान को याद करना रहा। इसके साथ ही युवाओं में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विरासत, नशामुक्ति और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।