नेपाल सड़क हादसे में MBBS छात्र डॉक्टर प्रिंस अवाना की मौत, 10 मार्च को नोएडा में थी शादी, गांव में पसरा मातम

0 515

नोएडा/नेपाल: नोएडा के सेक्टर-15 स्थित नया बांस गांव निवासी MBBS छात्र डॉक्टर प्रिंस अवाना की नेपाल में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। प्रिंस नेपाल में पढ़ाई पूरी करने के बाद एक अस्पताल में इंटर्नशिप कर रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। नेपाल से शव लाए जाने के बाद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। पूरे गांव में शोक की लहर है।

नेपाल में इंटर्नशिप के दौरान हुआ हादसा
परिजनों के मुताबिक, प्रिंस अवाना MBBS के फाइनल ईयर के छात्र थे और पढ़ाई पूरी करने के बाद नेपाल स्थित एक अस्पताल में इंटर्नशिप कर रहे थे। 3 जनवरी की रात रूपलदेव (भुटवल के पास) में स्कूटी से जाते समय एक अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

10 मार्च को होनी थी शादी, घर में चल रही थीं तैयारियां
प्रिंस के चाचा रवि अवाना ने बताया कि परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। 10 मार्च को उनकी शादी तय थी और इंटर्नशिप पूरी कर वह जल्द ही ग्रेटर नोएडा लौटने वाले थे। शादी की खुशियों के बीच इस हादसे ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।

इकलौते बेटे को खोकर बेसुध पिता
प्रिंस के पिता नेत्रपाल अवाना ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पैरामाउंट सोसायटी में परिवार के साथ रहते हैं। इकलौते बेटे की असमय मौत से वह सदमे में हैं। गांव और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचे और शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। सांत्वना देने आए रिश्तेदार और परिचित भी अपने आंसू नहीं रोक पाए।

गांव में पसरा मातम
नेपाल हादसे की खबर फैलते ही नया बांस गांव में मातम छा गया। हर कोई इस असमय मौत से स्तब्ध है। एक होनहार डॉक्टर के सपने यूं अचानक टूट जाने से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.