UP Outsourcing Recruitment: यूपी में कब से शुरू होंगी आउटसोर्स भर्तियां? बढ़े मानदेय को लेकर आई बड़ी अपडेट

0 195

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आउटसोर्स भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं और पहले से कार्यरत करीब चार लाख आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का रजिस्ट्रेशन कंपनी एक्ट के तहत पूरा कर लिया है। इसके साथ ही भर्तियों की प्रक्रिया और बढ़े हुए मानदेय के भुगतान का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है।

कंपनी एक्ट में रजिस्ट्रेशन पूरा, एमडी की नियुक्ति पहले ही हो चुकी

सचिवालय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव मनीष चौहान ने बताया कि आउटसोर्स सेवा निगम का रजिस्ट्रेशन विधिवत रूप से कंपनीज एक्ट के अंतर्गत करा दिया गया है। निगम की प्रबंध निदेशक (MD) के रूप में अमृता सोनी की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है, जिससे प्रशासनिक ढांचा लगभग तैयार माना जा रहा है।

पिकप भवन में बनेगा निगम का मुख्य कार्यालय

आउटसोर्स सेवा निगम का कार्यालय राजधानी लखनऊ के पिकप भवन में तैयार किया जा रहा है। कार्यालय पूरी तरह व्यवस्थित होते ही निगम की औपचारिक गतिविधियां शुरू कर दी जाएंगी। इसके बाद ही विभागों में आउटसोर्स भर्तियों की प्रक्रिया और कर्मचारियों को बढ़ा हुआ मानदेय देने की कार्यवाही शुरू होने की संभावना है।

नॉन-प्रॉफिट मॉडल पर काम करेगा आउटसोर्स सेवा निगम

सरकार की ओर से साफ किया गया है कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम को गैर-लाभकारी संस्था (Non-Profit Organization) के रूप में संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य आउटसोर्स कर्मचारियों के शोषण को रोकना, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया लागू करना और समय पर मानदेय भुगतान सुनिश्चित करना है।

कैबिनेट से मिली थी मंजूरी, तभी से इंतजार में युवा

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में 2 सितंबर 2025 को हुई कैबिनेट बैठक में निगम के गठन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। इसके बाद 20 सितंबर को शासनादेश भी जारी हुआ, लेकिन तभी से बेरोजगार युवा और आउटसोर्स कर्मचारी भर्ती और वेतन बढ़ोतरी का इंतजार कर रहे थे। अब रजिस्ट्रेशन और ढांचा तैयार होने के बाद माना जा रहा है कि आउटसोर्स भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू हो सकती है, जिससे लाखों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।


 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.