नोएडा में जापानी प्रतिनिधिमंडल का दौरा, यूपी में निवेश और साझेदारी को लेकर बनी रणनीति

0 4,242

नोएडा। उत्तर प्रदेश में निवेश एवं व्यवसायिक अवसरों के विस्तार, साथ ही सांस्कृतिक, शैक्षिक और पर्यटन क्षेत्रों में सहयोग के जरिए दीर्घकालिक साझेदारी को मजबूती देने के उद्देश्य से जापान के यामानाशी प्रान्त का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल नोएडा पहुंचा। उप-राज्यपाल श्री जुनिची इशिडोरा के नेतृत्व में 8 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सेक्टर-6 स्थित इंदिरा गांधी कला केन्द्र का भ्रमण किया।

नोएडा प्राधिकरण ने किया प्रतिनिधिमंडल का स्वागत
जापानी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश, बुनियादी ढांचे, स्मार्ट सिटी मॉडल और व्यापारिक संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।

अगस्त में प्रस्तावित है 200 सदस्यीय जापानी निवेश प्रतिनिधिमंडल की बैठक
यामानाशी प्रान्त की ओर से जानकारी दी गई कि अगस्त माह में लगभग 200 सदस्यीय जापानी प्रतिनिधिमंडल की एक आधिकारिक बैठक उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित है। इस बैठक में जापान की प्रतिष्ठित कंपनियों और संगठनों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की नामी कंपनियां, निवेशक, उच्चाधिकारी और गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।

निवेश, शिक्षा और पर्यटन में सहयोग पर फोकस
प्रस्तावित बैठक में उत्तर प्रदेश में जापानी निवेश, संयुक्त उद्यम, शैक्षिक सहयोग, संस्कृतिक आदान-प्रदान और पर्यटन विकास जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा की जाएगी। दोनों पक्षों ने दीर्घकालिक और स्थायी सहयोग की दिशा में सकारात्मक संकेत दिए।

प्राधिकरण ने दिया हरसंभव सहयोग का आश्वासन
नोएडा प्राधिकरण ने अगस्त में होने वाली इस अहम बैठक को सफल बनाने के लिए हरसंभव प्रशासनिक और लॉजिस्टिक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि नोएडा और उत्तर प्रदेश जापानी निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर प्रदान करने को पूरी तरह तैयार हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.