नई दिल्ली: उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम करवट लेता नजर आ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक 31 जनवरी से 3 फरवरी के बीच दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने वाले हैं। इसके असर से पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी राज्यों तक मौसम बदलेगा। IMD का कहना है कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 1 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। राजस्थान के कुछ हिस्सों में आज ओलावृष्टि हो सकती है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ हफ्तों में उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में पहले 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होगी और इसके बाद 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। उधर, महाराष्ट्र में अगले दो दिनों के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के आसार हैं।
दिल्ली में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज सुबह मौसम ठंडा और आंशिक बादलों के साथ रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रह सकता है। दोपहर में मौसम कुछ हद तक साफ रहेगा, लेकिन शाम और रात होते-होते गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने के आसार हैं। IMD के मुताबिक दिल्ली में अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
उत्तर प्रदेश में कभी कोहरा, कभी बारिश की मार
उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार बदल रहा है। कहीं बारिश तो कहीं घना कोहरा लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 1 फरवरी से प्रदेश के कई जिलों में काले बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी। अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। लखनऊ मौसम केंद्र के मुताबिक 31 जनवरी को पश्चिमी यूपी में मौसम सामान्य रहेगा, जबकि पूर्वी यूपी के कई जिलों में 100 से 500 मीटर तक दृश्यता वाला कोहरा छाया रह सकता है। 1 फरवरी को पश्चिमी यूपी के कई शहरों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 2 फरवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे।
इन जिलों में रहेगा कोहरे का असर
मौसम विभाग के अनुसार आज कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच समेत आसपास के जिलों में कोहरा देखने को मिलेगा। वहीं मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, संभल, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बदायूं, शाहजहांपुर, सीतापुर, अयोध्या, मथुरा, प्रयागराज, वाराणसी, गोंडा, मिर्जापुर, चंदौली, आजमगढ़, जौनपुर, प्रतापगढ़, उन्नाव, अमेठी, रायबरेली, झांसी, महोबा, कानपुर, बांदा और चित्रकूट में मौसम साफ रहने की संभावना है।
बिहार में मौसम शुष्क, तापमान में उतार-चढ़ाव
बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना रहा। राज्य में सबसे अधिक तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस सुपौल में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी और दक्षिणी मध्य बिहार के हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि बाकी इलाकों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। राज्य का न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस भागलपुर के सबौर में रिकॉर्ड किया गया।