दिल्ली-NCR में आज फिर बारिश का अलर्ट! उत्तर भारत से महाराष्ट्र तक मौसम में उथल-पुथल, तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
उत्तर भारत में मौसम ने फिर करवट ले ली है। लगातार एक्टिव हो रहे पश्चिमी विक्षोभ से अलग-अलग इलाकों में बारिश, बर्फबारी और कोहरे का नया दौर शुरू हो गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है, वहीं मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की चेतावनी है। अगले कुछ दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव भी देखने को मिल सकता है।
दिल्ली में आज बारिश और तेज हवाओं की संभावना
दिल्ली में शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। दोपहर या शाम तक यह प्रभाव दिखाई देगा। रात के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, तेज हवाओं की गति 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। IMD ने न्यूनतम तापमान 6-8 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से बदलेगा मौसम का मिजाज
31 जनवरी से 3 फरवरी के बीच वेस्टर्न हिमालयन एरिया में हल्की से मध्यम छिटपुट बारिश की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी है। नॉर्थ-वेस्ट इंडिया और सेंट्रल इंडिया के मैदानी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इसके बाद 5 से 7 फरवरी के दौरान तीसरा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस नॉर्थ-वेस्ट इंडिया को प्रभावित कर सकता है।
आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव
नॉर्थ-वेस्ट इंडिया और सेंट्रल इंडिया के कुछ इलाकों में 1 फरवरी तक सुबह के समय घना कोहरा रह सकता है। अगले 24 घंटे में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद तीन दिनों में 3-5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी संभव है। इसके अगले तीन दिनों में तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
मध्य भारत और महाराष्ट्र का मौसम
सेंट्रल इंडिया और महाराष्ट्र में अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। उसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। गुजरात में अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़त रहेगी, इसके बाद तीन दिनों में इसमें 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। उसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री की हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं दिखाई देगा।