Banking से लेकर FASTag तक 1 फरवरी से बदलने जा रहे हैं नियम, बजट से पहले जेब पर सीधा असर; जानिए क्या हुआ महंगा और कहां मिली राहत
नई दिल्ली। आम बजट 2026 से ठीक पहले आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई अहम नियम आज यानी 1 फरवरी 2026 से बदल गए हैं। बैंकिंग सेक्टर, फास्टैग, टैक्स और ईंधन से जुड़े इन बदलावों का सीधा असर आपकी जेब पर पड़ने वाला है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में बजट पेश करेंगी, लेकिन उससे पहले ही कई बड़े फैसले लागू हो चुके हैं।
बैंकिंग सेक्टर में आज से लागू हुए नए चार्ज
देश के बड़े बैंक जैसे SBI, HDFC, PNB और ICICI ने आज से कई सेवाओं के शुल्क और नियमों में बदलाव कर दिया है। IMPS ट्रांजेक्शन, क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड पॉइंट्स और KYC से जुड़े नियमों में बड़ा परिवर्तन हुआ है।
भारतीय स्टेट बैंक ने IMPS लेनदेन को महंगा कर दिया है। अब 25 हजार से 1 लाख रुपये तक के IMPS ट्रांजेक्शन पर जीएसटी सहित 2 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं 1 लाख से 2 लाख रुपये तक के लेनदेन पर 6 रुपये और जीएसटी, जबकि 2 लाख से 5 लाख रुपये तक के IMPS ट्रांजेक्शन पर जीएसटी समेत 10 रुपये चार्ज किए जाएंगे।
HDFC क्रेडिट कार्ड यूजर्स के लिए बड़ा बदलाव
HDFC बैंक ने अपने प्रीमियम इंफिनिया क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड पॉइंट्स नियमों में बदलाव किया है। 1 फरवरी 2026 से इंफिनिया कार्ड पर रिवॉर्ड पॉइंट्स को महीने में अधिकतम पांच बार ही रिडीम किया जा सकेगा। इससे हाई-एंड कार्ड यूजर्स की सुविधाओं पर असर पड़ सकता है।
PNB ग्राहकों के लिए KYC अपडेट अनिवार्य
पंजाब नेशनल बैंक ने सभी ग्राहकों को निर्देश दिया है कि वे 2 फरवरी तक रिजर्व बैंक के दिशानिर्देशों के अनुसार KYC अपडेट जरूर कराएं। तय समयसीमा तक KYC पूरा नहीं होने पर खातों से जुड़ी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
बजट के बाद टैक्स में हो सकता है बड़ा बदलाव
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट भाषण के बाद टैक्स स्ट्रक्चर में अहम बदलाव संभव हैं। खासतौर पर तंबाकू, सिगरेट और पान मसाला जैसी वस्तुओं पर टैक्स बढ़ सकता है। इन उत्पादों पर 40 से 50 प्रतिशत तक टैक्स लगाए जाने की संभावना जताई जा रही है, जिससे ये चीजें और महंगी हो सकती हैं।
FASTag यूजर्स को मिली बड़ी राहत
फास्टैग इस्तेमाल करने वालों के लिए राहत की खबर है। नेशनल हाईवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने नई कार खरीदने वालों के लिए FASTag के KYV यानी ‘Know Your Vehicle’ प्रोसेस को बंद करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही पहले से FASTag इस्तेमाल कर रहे यूजर्स को भी बार-बार KYV कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
ईंधन की कीमतों पर भी पड़ेगा बजट का असर
बजट का असर पेट्रोल-डीजल के अलावा LPG, CNG, PNG और एविएशन फ्यूल की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है। ईंधन की कीमतों में बदलाव का सीधा असर आम लोगों की जेब के साथ-साथ हवाई किरायों और ट्रांसपोर्ट खर्च पर पड़ सकता है।