नई दिल्ली। Google Maps अब वॉकिंग और साइकिलिंग नेविगेशन मोड में भी कन्वर्सेशनल Gemini AI सपोर्ट ला रहा है। माउंटेन व्यू-बेस्ड टेक दिग्गज ने गुरुवार को घोषणा की कि यह अपडेट पैदल चलने वालों और साइकिल चालकों को हैंड्स-फ्री असिस्टेंस देने के लिए उपलब्ध होगा। इससे यूजर्स टेक्स्ट मैसेज भेजने जैसे काम भी AI की मदद से पूरा कर सकेंगे। यह नई सुविधा नवंबर में Gemini को प्लेटफॉर्म पर जोड़े जाने के बाद का पहला बड़ा अपडेट है।
Google Maps में Gemini कैसे काम करेगा
ब्लॉग पोस्ट के अनुसार, अब Android और iOS यूजर्स Google Maps में साइकिलिंग और वॉकिंग नेविगेशन मोड चुनते समय Gemini AI असिस्टेंस का इस्तेमाल कर सकते हैं। नेविगेशन में Gemini एक्टिवेट करने के लिए यूजर्स को Maps ऐप खोलना होगा, डेस्टिनेशन सेट करना होगा और स्क्रीन के ऊपर मौजूद माइक्रोफोन आइकन पर टैप करना होगा। इसके अलावा, ‘हे गूगल’ वॉयस कमांड से भी AI असिस्टेंट को ट्रिगर किया जा सकता है। फिलहाल, Gemini केवल वॉइस असिस्टेंट के रूप में उपलब्ध है; यूजर्स अभी क्वेरी टाइप या टेक्स्ट में जवाब नहीं देख सकते।
पैदल और साइकिल नेविगेशन में AI की मदद
पैदल चलते समय, यूजर्स Gemini से पूछ सकते हैं, “मैं किस पड़ोस में हूं?” या “आस-पास सबसे अच्छी रेटिंग वाले रेस्टोरेंट कौन से हैं?” AI स्क्रीन पर विज़ुअल संकेतों के साथ जानकारी दिखाएगा। साइकिलिंग के दौरान, यूजर्स ETA यानी अनुमानित पहुंचने का समय जान सकते हैं। नेविगेशन में Gemini एप के बाहर भी सवालों का जवाब देता है, जैसे “मेरी अगली मीटिंग कब है?” या “ऋचा को टेक्स्ट करो, मैं 30 मिनट में घर आ जाऊंगा,” और AI बिना यूजर की हस्तक्षेप के इन कमांड्स को पूरा कर देता है।
Gemini के फॉलो-अप और अतिरिक्त फीचर्स
नवंबर में लॉन्च के समय ही Google ने बताया था कि Gemini फॉलो-अप क्वेरी को सपोर्ट करता है। यूजर्स रास्ते में लोकल जगहों के बारे में पूछ सकते हैं, इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) चार्जिंग स्टेशन ढूंढ सकते हैं और अपने दोस्तों के साथ ETA शेयर कर सकते हैं। इस फीचर के आने से Google Maps नेविगेशन और भी स्मार्ट और यूजर-फ्रेंडली बन गया है।