साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में दोस्त की संपत्ति के दस्तावेजों को बैंक में बंधक रखकर 12 करोड़ का लोन लेने के आरोप में पुलिस ने अदालत के आदेश के बाद मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित का आरोप है कि उनके दस्तावेज़ को आरोपित ने अपने पास रखवा लिया और बाद में बैंक में बंधक बनाकर लोन ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित की शिकायत और संबंध
शकरपुर दिल्ली निवासी संजीव कुमार त्यागी ने बताया कि उनकी जान-पहचान मसूरी देहरादून निवासी राजीव त्यागी से है और दोनों के बीच कारोबारी रिश्ते हैं। साल 2012 में 28 मई को उन्होंने किशनपुर राजपुर रोड, मसूरी देहरादून में एक प्लॉट खरीदा, जिसका विक्रयनामा उनके नाम पर था।
लाकर में रखे दस्तावेज़ का गलत इस्तेमाल
प्लॉट पर निर्माण के बाद संजीव ने इसे किराए पर दे दिया। आरोप है कि राजीव त्यागी ने कहा कि बैंक में उनका लाकर है, जिसमें संपत्ति के दस्तावेज़ रख दो। बातों में आकर संजीव ने दस्तावेज़ लाकर में रख दिए। इसके बाद आरोप है कि राजीव त्यागी ने साईं कंस्ट्रक्शन फर्म के लिए इन दस्तावेज़ों का गलत इस्तेमाल कर लोन ले लिया।
बैंक ने कब्जा किया, मुकदमा दर्ज
लोन का भुगतान न होने पर बैंक ने संजीव की संपत्ति पर कब्जा कर लिया। इस मामले में संजीव ने राजीव त्यागी, बैंक के अधिकारी और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच जारी है।