नोएडा फ्लावर शो में केदारनाथ के भव्य दर्शन, फूलों से बने 40 फीट ऊंचे मंदिर में दिखेगी आस्था की झलक

0 502

नोएडा के सेक्टर-33 ए स्थित चिल्ड्रन पार्क में चार दिवसीय फ्लावर शो के दौरान श्रद्धालुओं और दर्शकों को केदारनाथ मंदिर के भव्य दर्शन होंगे। नोएडा प्राधिकरण की ओर से आयोजित इस शो में प्रवेश करते ही फूलों से निर्मित केदारनाथ मंदिर आकर्षण का केंद्र होगा। मंदिर को लगभग 30 फीट लंबाई और 40 फीट ऊंचाई में तैयार किया जाएगा, जिसे गुलाब की विभिन्न प्रजातियों से सजाया जाएगा। इस विशेष संरचना पर अनुमानित रूप से करीब 68 लाख रुपये की लागत आएगी।

फूलों से सजे शिव प्रतीक भी बढ़ाएंगे शो की भव्यता
फ्लावर शो में भगवान शंकर के त्रिशूल और डमरु की आकृतियां भी तैयार की जाएंगी। इनकी ऊंचाई करीब तीन फीट होगी। आयोजकों के अनुसार, ये प्रतीकात्मक संरचनाएं शो की आध्यात्मिक थीम को और मजबूती देंगी।

प्राचीन मंदिर जैसा भव्य प्रवेश द्वार बनेगा आकर्षण
शो का प्रवेश द्वार भी खास तौर पर सजाया जाएगा। इसे प्राचीन मंदिर के भव्य गेट का स्वरूप दिया जाएगा, जिसकी चौड़ाई लगभग 22 फीट और ऊंचाई करीब 25 फीट होगी। इस प्रवेश द्वार को अलग-अलग रंगों के गुलदाउदी फूलों से सजाया जाएगा, जिस पर लगभग सात लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

पहली बार साइड बॉस्केट कांसेप्ट से सजेगा पाथवे
दर्शकों के लिए शो के पाथवे को और आकर्षक बनाने के लिए पहली बार साइड बॉस्केट कांसेप्ट अपनाया जा रहा है। पाथ के दोनों ओर करीब सात फीट की दूरी में पांच सेट लगाए जाएंगे, जिन्हें गुलाब और गुलदाउदी के फूलों से सजाया जाएगा। इसके अलावा अन्य प्रवेश द्वार भी फूलों से तैयार किए जाएंगे।

19 से 22 फरवरी तक होगा आयोजन, बिना टिकट मिलेगा प्रवेश
अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी ने बताया कि फ्लावर शो का आयोजन 19 फरवरी से 22 फरवरी तक किया जाएगा। इस दौरान पेड़-पौधों से जुड़ी जानकारी भी दी जाएगी। कई प्राचीन पेड़ों के साथ-साथ विभिन्न संस्थानों द्वारा तैयार गार्डन प्रदर्शित किए जाएंगे, जिन्हें अंतिम दिन पुरस्कृत किया जाएगा।

1200 प्रजातियों के फूल, फूड कोर्ट और बच्चों के लिए मनोरंजन
इस बार फ्लावर शो में करीब 1200 प्रजातियों के पुष्प शामिल किए जाएंगे, जिनमें देशी और विदेशी दोनों तरह की ब्रीड के पौधे होंगे। शो में 60 से अधिक नर्सरी, बच्चों के लिए मनोरंजन क्षेत्र और फूड कोर्ट भी तैयार किया जाएगा। खास बात यह है कि इस आयोजन में प्रवेश के लिए किसी प्रकार का टिकट नहीं रखा गया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.