साहिबाबाद। गाजियाबाद में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताजा बुलेटिन के अनुसार जिले का AQI 363 दर्ज किया गया है, जिससे यह देश के प्रदूषित शहरों में दूसरे स्थान पर पहुंच गया। वहीं, लोनी की हवा सबसे खराब श्रेणी में दर्ज की गई है, यहां का AQI 400 रिकॉर्ड किया गया। वसुंधरा और इंदिरापुरम में भी हवा गंभीर रूप से प्रदूषित रही, जिनका AQI क्रमशः 395 और 397 रहा।
मंगलवार को गाजियाबाद प्रदूषण की लिस्ट में पहले नंबर पर था, लेकिन बुधवार को यह दूसरे स्थान पर खिसक गया। सबसे अधिक प्रदूषित शहर बल्लभगढ़ रहा, जहां AQI 370 दर्ज किया गया। सुबह और शाम के समय धुंध के साथ जलते कूड़े और अलाव ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं।
प्रभाव और नागरिकों की परेशानी
सुबह के समय धुंध के कारण विजिबिलिटी भी कम रही। वाहन चालक लाइट जलाकर सावधानीपूर्वक चलते नजर आए। नागरिकों और स्कूल जाने वाले बच्चों को सांस लेने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। नगर निगम की ओर से लगातार छिड़काव और सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन इसका असर फिलहाल सीमित दिख रहा है।
प्रदूषण नियंत्रण की कवायद
विशेष रूप से वसुंधरा और लोनी में हवा लगातार खराब बनी हुई है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि लोनी में फैक्ट्रियों के खिलाफ कार्रवाई का अभियान फिर से शुरू किया जाएगा। इसके अलावा संबंधित विभागों को प्रदूषण रोकथाम के नियमों का पालन कराने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
शहरवार AQI सूची
गाजियाबाद – 363
इंदिरापुरम – 397
लोनी – 400
संजयनगर – 259
वसुंधरा – 395