नई दिल्ली : विपक्षी पार्टियां लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रही हैं। समाचार एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि विपक्षी पार्टियों का आरोप है कि लोकसभा स्पीकर सदन में पक्षपात करते हैं। विपक्ष ने यह आरोप ऐसे समय लगाया है, जब विपक्ष आरोप लगा रहा है कि राहुल गांधी को संसद में बोलने नहीं दिया जा रहा है। इस मुद्दे पर संसद में बीते कई दिनों से हंगामा हो रहा है। लोकसभा स्पीकर के खिलाफ विपक्ष में नाराजगी बढ़ने की एक अन्य वजह उनका एक बयान है, जिस पर भी खासा विवाद हो रहा है।
सूत्रों के अनुसार, विपक्ष बजट सत्र के दूसरे चरण में ये अविश्वास प्रस्ताव लेकर आ सकता है क्योंकि नियमों के तहत अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस देने के लिए 20 दिन का समय चाहिए होता है। स्पीकर के खिलाफ विपक्ष द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाने की कई वजह बताई जा रही हैं, जिनमें लोकसभा स्पीकर द्वारा सदस्यों को बोलने की मंजूरी न देने, आसन द्वारा महिला सांसदों का नाम लेना, सत्ता पक्ष के कुछ सांसदों को सदन में हमेशा विशेषाधिकार देना और आठ विपक्षी सांसदों को पूरे सत्र के लिए निलंबित करना शामिल है।
लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान बोलते हुए राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के एक अप्रकाशित संस्मरण का हवाला देते हुए चीन से टकराव के मुद्दे पर गंभीर आरोप लगाए थे और दावा किया कि डोकलाम में चीनी टैंक घुस आए थे। हालांकि सरकार ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था। जिसके बाद स्पीकर ने राहुल गांधी को बोलने से रोक दिया, जिस पर हंगामा हुआ।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि लोकसभा में उन्हें बोलने से रोकना परंपरा का उल्लंघन है और साथ ही यह गंभीर चिंता भी पैदा करता है कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर बोलने से रोका जा रहा है। विपक्षी सांसदों ने इस मुद्दे पर खासा हंगामा किया और हंगामे के दौरान विपक्षी सांसदों ने आसन की तरफ कागज उछाले, जिसके बाद आठ विपक्षी सांसदों को सदन की अवमानना के आरोप में पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने बीते गुरुवार को एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सदन में आने से रोका था। बिरला ने आशंका जताई कि अगर प्रधानमंत्री सदन आते तो उनके साथ कोई अप्रत्याशित और अप्रिय घटना घट सकती थी। प्रधानमंत्री मोदी को बुधवार को लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देना था, लेकिन आखिरी समय पर उनका संबोधन टाल दिया गया।
इसके अगले दिन स्पीकर ओम बिरला ने बताया, ‘मेरे पास जानकारी आई कि कांग्रेस के सांसद पीएम के आसन पर जाकर अप्रत्याशित घटना कर सकते थे। मुझे डर था कि प्रधानमंत्री के साथ कुछ भी हो सकता है। अगर वह घटना हो जाती, तो वह बेहद अप्रिय होती और लोकतंत्र के लिए काला दिन साबित होती।’ इस बयान पर खासा विवाद हुआ और विपक्षी सांसदों ने इसकी कड़ी आलोचना की।