फार्मर रजिस्ट्री को लेकर प्रशासन का बड़ा अभियान, डीएम ने कलेक्ट्रेट से प्रचार वाहनों को दिखाई हरी झंडी
गौतमबुद्धनगर, 09 फरवरी 2026। जनपद के किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर से प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन गांव-गांव जाकर किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व, प्रक्रिया और इससे मिलने वाले लाभों की जानकारी देंगे।
गांव-गांव पहुंचेगा जागरूकता संदेश
प्रचार वाहनों पर लगाए गए बैनर और लाउडस्पीकर के माध्यम से किसानों को सरल भाषा में बताया जाएगा कि फार्मर रजिस्ट्री क्यों आवश्यक है और यह उनके हित में कैसे लाभकारी साबित होगी। अभियान के तहत किसानों से अपील की जाएगी कि वे समय रहते अपनी फार्मर आईडी बनवा लें।
सरकारी योजनाओं के लिए फार्मर आईडी अनिवार्य
उप कृषि निदेशक राजीव कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए फार्मर आईडी आवश्यक होगी। राज्य सरकार और भारत सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र किसानों तक पहुंचाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री को अनिवार्य किया जा रहा है।

नामांतरण और भूमि पंजीकरण में भी होगी जरूरत
किसानों को यह भी जानकारी दी जा रही है कि भविष्य में नामांतरण की प्रक्रिया और कृषि भूमि के क्रय-विक्रय पंजीकरण के दौरान भी फार्मर आईडी की आवश्यकता पड़ेगी। ऐसे में समय रहते रजिस्ट्री कराना किसानों के लिए बेहद जरूरी है।
समय रहते रजिस्ट्री कराने की अपील
प्रचार अभियान के दौरान किसानों से आग्रह किया जाएगा कि वे जल्द से जल्द अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूरी करा लें, ताकि किसी भी शासकीय योजना का लाभ लेने में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जागरूकता अभियान को पूरी गंभीरता और प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित हो सके।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, अपर कृषि अधिकारी दिव्यम यादव, प्रधान सहायक यतीश शर्मा, वरिष्ठ सहायक प्रशांत कुमार और सतीश भाटी उपस्थित रहे।