नई दिल्ली। रेल मंत्रालय यात्रियों के लिए डिजिटल टिकटिंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। 27 दिसंबर 2014 को लॉन्च हुआ UTS मोबाइल ऐप, जिससे अनरिजर्व्ड टिकट, सीजन टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट बुक किए जाते थे, 1 मार्च 2026 से बंद कर दिया जाएगा। रेलवे का कहना है कि अब यात्रियों को वही सुविधाएं एक नए एकीकृत प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी।
अब नए प्लेटफॉर्म पर मिलेगी सारी सेवाएं
रेलवे के अनुसार यात्री अब एक ही ऐप के जरिए जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट, रिजर्वेशन, ट्रेन स्टेटस, फूड सर्विस और शिकायत दर्ज कराने जैसी सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे। मौजूदा IRCTC या UTS लॉगिन क्रेडेंशियल का उपयोग नए प्लेटफॉर्म पर साइन-इन करने के लिए किया जा सकेगा, जिससे यूजर्स को नया अकाउंट बनाने की जरूरत नहीं होगी।
पहले ही चरणबद्ध तरीके से घटाई गई थीं सेवाएं
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक UTS ऐप को बंद करने की प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी गई थी। शुरुआती चरण में सीजन टिकट बुकिंग और रिन्यूअल तथा नए यूजर रजिस्ट्रेशन की सुविधा रोकी गई, इसके बाद प्लेटफॉर्म टिकट बुकिंग और आर-वॉलेट टॉप-अप भी बंद कर दिए गए थे। हालांकि ऐप अभी स्टोर पर दिखाई दे रहा है।
वन ऐप, ऑल सर्विसेज की रणनीति
साउथर्न रेलवे ने बताया कि सभी सेवाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने से यात्रियों का समय बचेगा और प्रक्रियाएं सरल होंगी। रेलवे का लक्ष्य ‘वन ऐप, ऑल सर्विसेज’ मॉडल लागू कर यात्रियों को एकीकृत अनुभव देना है।
यात्रियों से अपील—पहले ही कर लें तैयारी
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि 1 मार्च से पहले नए प्लेटफॉर्म को डाउनलोड कर उसकी प्रक्रिया समझ लें, ताकि बदलाव के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए गाइडलाइन और हेल्पडेस्क सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।