नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास घर खरीदने का सुनहरा मौका, यीडा ने ग्रुप हाउसिंग के तीन प्लॉट नीलामी में किए आवंटित

0 34

ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में तेजी से बढ़ते विकास के बीच घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने सोमवार को ग्रुप हाउसिंग श्रेणी के तीन भूखंडों का नीलामी के माध्यम से आवंटन किया। इन भूखंडों की नीलामी से प्राधिकरण को निर्धारित रिजर्व मूल्य से 106.11 करोड़ रुपये अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है। इन परियोजनाओं के माध्यम से लोगों को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास आवासीय परियोजनाओं में घर खरीदने का अवसर मिलेगा।

विकास परियोजनाओं से बढ़ी आवासीय भूखंडों की मांग

यीडा क्षेत्र में लगातार हो रहे बुनियादी ढांचे के विस्तार के चलते ग्रुप हाउसिंग भूखंडों की मांग में तेजी आई है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, प्रस्तावित फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क और विभिन्न औद्योगिक पार्कों के निर्माण से इस क्षेत्र में निवेश और आवासीय परियोजनाओं को गति मिली है। इसके साथ ही प्रदेश की पहली सेमीकंडक्टर इकाई के निर्माण की तैयारी ने भी इस क्षेत्र की संभावनाओं को और मजबूत किया है।

सेक्टर 18 का भूखंड प्रोविंस डेवलपर को मिला

यीडा द्वारा वर्ष 2025 में ग्रुप हाउसिंग के 16 भूखंडों की योजना शुरू की गई थी। इसी क्रम में सोमवार को तीन भूखंडों के लिए नीलामी प्रक्रिया आयोजित की गई। सेक्टर 18 में स्थित 16,188 वर्गमीटर के भूखंड के लिए प्रोविंस डेवलपर प्राइवेट लिमिटेड ने 95.48 करोड़ रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाकर भूखंड हासिल किया। प्राधिकरण ने इस भूखंड का आरक्षित मूल्य 89.23 करोड़ रुपये तय किया था।

सेक्टर 19 में एल्डिको इंफ्रास्ट्रक्चर ने मारी बाजी

सेक्टर 19 में स्थित भूखंड के लिए एल्डिको इंफ्रास्ट्रक्चर एंड प्रॉपर्टीज लिमिटेड ने 104.70 करोड़ रुपये की उच्चतम बोली लगाई। इस भूखंड का आरक्षित मूल्य 89.23 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया था।

सेक्टर 22डी का भूखंड नॉर्थ विंड एस्टेट को आवंटित

तीसरे भूखंड के रूप में सेक्टर 22डी में स्थित 20,235 वर्गमीटर भूमि के लिए नॉर्थ विंड एस्टेट ने 189.09 करोड़ रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाकर भूखंड अपने नाम किया। इस भूखंड का आरक्षित मूल्य 106.23 करोड़ रुपये रखा गया था।

तीनों भूखंडों के लिए यीडा को कुल 283.16 करोड़ रुपये के सापेक्ष 389.27 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो आरक्षित मूल्य से 106.11 करोड़ रुपये अधिक है।

पिछले वित्त वर्ष में भी आठ भूखंड किए जा चुके हैं आवंटित

यमुना प्राधिकरण बीते वित्त वर्ष 2024-25 में ग्रुप हाउसिंग श्रेणी के आठ भूखंडों का आवंटन कर चुका है। इन परियोजनाओं के जरिए प्राधिकरण को जहां अच्छा राजस्व प्राप्त हुआ है, वहीं करीब 15 हजार लोगों को आवासीय सुविधाएं मिलने की संभावना बनी है। इसके अलावा ग्रुप हाउसिंग श्रेणी में 12 और भूखंडों की योजना अभी भी जारी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.