योगी सरकार का बड़ा फैसला: संभल का 24 कोसीय परिक्रमा मार्ग बनेगा हाईटेक, ₹303 करोड़ की मंजूरी से बदलेगी तस्वीर

0 112

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने संभल को बड़ी सौगात दी है। 24 कोसीय परिक्रमा यात्रा मार्ग के निर्माण और सुंदरीकरण के लिए करीब 303 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को शासन की मंजूरी मिल गई है। लोक निर्माण विभाग की ओर से भेजे गए इस प्रस्ताव के स्वीकृत होते ही अब मार्ग के कायाकल्प की तैयारी शुरू हो गई है। योजना पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं को उबड़-खाबड़ रास्तों और बारिश के दौरान जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।

संभल तहसील क्षेत्र में 68 तीर्थ और 19 कूपों से जुड़ी 24 कोसीय परिक्रमा का विशेष धार्मिक महत्व है। श्रद्धालु काशी और गोवर्धन की तर्ज पर यहां परिक्रमा करने पहुंचते हैं। दीपावली के बाद कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को दो दिवसीय परिक्रमा का आयोजन होता है, जिसमें स्थानीय लोगों के साथ-साथ अन्य जिलों और प्रदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।

पैदल परिक्रमा में होती है भारी परेशानी

परंपरा के अनुसार अधिकांश श्रद्धालु नंगे पैर पैदल ही परिक्रमा पूरी करते हैं। इसके अलावा हर माह की पहली तारीख को मासिक परिक्रमा भी आयोजित की जाती है, जिसमें कई श्रद्धालु दोपहिया और चारपहिया वाहनों से शामिल होते हैं। ग्रामीण क्षेत्र में अधिकांश मार्ग कच्चा और जगह-जगह से क्षतिग्रस्त होने के कारण यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बारिश के समय हालात और भी खराब हो जाते हैं।

इसी समस्या को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने राजस्व विभाग के साथ मिलकर 303 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण और सुंदरीकरण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था, जिसे अब मंजूरी मिल गई है। यह परियोजना मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों में शामिल रही है, इसलिए जिला और शासन स्तर पर इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा था।

10 मीटर चौड़ी होगी सड़क, श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा

परियोजना के तहत करीब 49.47 किलोमीटर, यानी लगभग 50 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग का नवीनीकरण, मरम्मत और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। निर्माण के बाद सड़क की कुल चौड़ाई 10 मीटर होगी। इसमें 7 मीटर चौड़ी मुख्य सड़क और दोनों ओर 1.5-1.5 मीटर की पटरी बनाई जाएगी, जिससे वाहनों की आवाजाही के साथ पैदल श्रद्धालुओं को भी सुरक्षित और सुगम रास्ता मिलेगा।

185 करोड़ सिविल कार्य पर, 114 करोड़ शिफ्टिंग पर खर्च

पूरे प्रोजेक्ट में 185 करोड़ रुपये सिविल कार्यों पर खर्च किए जाएंगे, जिसमें आवश्यकता पड़ने पर भूमि खरीद भी शामिल है। वहीं 114 करोड़ रुपये सड़क निर्माण से पहले पेड़ों, बिजली के खंभों और विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग पर खर्च होंगे। इसके अलावा करीब 4 करोड़ रुपये मरम्मत कार्य पर व्यय किए जाएंगे।

लोक निर्माण विभाग संभल के अधिशासी अभियंता सुनील प्रकाश ने बताया कि प्रस्ताव को मुख्यालय से स्वीकृति मिल चुकी है और आगे की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य तेजी से शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं को परिक्रमा के दौरान किसी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.