बिहार में एथलेटिक्स को नई उड़ान: 400 मीटर दौड़ के लिए बनेगी आधुनिक अकादमी, प्रतिभा खोज अभियान भी शुरू
पटना: बिहार में 400 मीटर दौड़ के लिए अत्याधुनिक एथलेटिक अकादमी स्थापित की जाएगी। यह फैसला पोर्टब्लेयर में आयोजित एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) की कार्यकारी समिति की बैठक में लिया गया।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण ने बताया कि इस संबंध में फेडरेशन जल्द ही विस्तृत प्रस्ताव प्राधिकरण को भेजेगा। इस पहल का उद्देश्य राज्य में 400 मीटर सहित एथलेटिक्स स्पर्धाओं के लिए मजबूत आधार तैयार करना और प्रतिभाओं को वैज्ञानिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
अंजू बॉबी जॉर्ज की अगुवाई में बनेगी उच्चस्तरीय समिति
राज्य में एथलेटिक्स प्रतिभाओं की पहचान को व्यवस्थित और वैज्ञानिक आधार देने के लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है। इस समिति की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज करेंगी।
यह समिति बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के पास उपलब्ध खिलाड़ियों के डेटा का विश्लेषण कर संभावनाशील एथलीटों का चयन करेगी। उद्देश्य है कि प्रतिभा चयन की प्रक्रिया पारदर्शी, डेटा आधारित और दीर्घकालिक दृष्टिकोण के अनुरूप हो।
कोच विकास कार्यक्रम पर भी जोर
बैठक में प्रशिक्षण स्तर को मजबूत बनाने पर विशेष चर्चा हुई। राज्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ‘स्टेट स्पेसिफिक कोच डेवलपमेंट प्रोग्राम’ चलाने का निर्णय लिया गया है। इसके जरिए स्थानीय प्रशिक्षकों की क्षमता बढ़ाई जाएगी, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर तकनीकी मार्गदर्शन मिल सके।
ग्रामीण क्षेत्रों में चलेगा प्रतिभा खोज अभियान
इसके अलावा एएफआई ने सहमति दी है कि वह बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा चिन्हित क्षेत्रों में अपने विशेषज्ञों की टीम भेजेगा। यह टीम जमीनी स्तर पर प्रतिभा पहचान अभियान चलाएगी। इस पहल से ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में छिपी प्रतिभाओं को मंच मिलने की उम्मीद है।
राज्य में प्रस्तावित आधुनिक अकादमी और संरचित प्रशिक्षण व्यवस्था से बिहार में एथलेटिक्स को नई दिशा मिलने की संभावना जताई जा रही है।