झारखंड बजट सत्र पर मंथन: हेमंत सोरेन ने अर्थव्यवस्था, महिला सशक्तिकरण और निवेश को बताया विकास का ट्रिपल इंजन
रांची में मंगलवार को झारखंड विधानसभा के बजट सत्र की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित हुई। विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में हुई इस बैठक में राज्य की समग्र आर्थिक स्थिति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की रणनीति और महिला सशक्तिकरण को आगामी बजट की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल करने पर विस्तार से विचार किया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि बजट केवल वित्तीय दस्तावेज नहीं बल्कि राज्य के विकास की दिशा तय करने वाला रोडमैप होता है, इसलिए इसकी तैयारी व्यापक, तथ्यपरक और ठोस होनी चाहिए।
दावोस निवेश वार्ताओं का भी हुआ उल्लेख
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विश्व आर्थिक फोरम की दावोस बैठक में अपनी भागीदारी का हवाला देते हुए बताया कि वहां वैश्विक नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के साथ द्विपक्षीय चर्चाएं हुईं। इन वार्ताओं से राज्य में निवेश के नए अवसर खुलने की संभावना बनी है। अधिकारियों के साथ इस बात पर भी मंथन हुआ कि संभावित निवेश प्रस्तावों को रोजगार सृजन, औद्योगिक विस्तार और क्षेत्रीय विकास से प्रभावी तरीके से कैसे जोड़ा जाए ताकि राज्य को दीर्घकालिक आर्थिक लाभ मिल सके।
ट्राइबल वेलफेयर और छात्रवृत्ति योजनाएं रहेंगी फोकस में
मुख्यमंत्री ने ट्राइबल वेलफेयर, छात्रवृत्ति योजनाओं और अन्य जनहितकारी कार्यक्रमों को बजट प्राथमिकताओं में शामिल करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि बजट सत्र निर्धारित समय पर आयोजित हो और सभी विभाग अपनी तैयारियां समय रहते पूर्ण करें। विशेष रूप से वित्त विभाग को पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ तैयारी करने के निर्देश दिए गए ताकि सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों द्वारा उठाए जाने वाले प्रश्नों तथा वित्तीय चर्चाओं का सटीक जवाब दिया जा सके।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, वित्त विभाग के सचिव प्रशांत कुमार समेत विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और बजट की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की।