बिहार में बदला मौसम का मिजाज: पटना समेत 13 जिलों में पारा लुढ़का, सुबह-शाम ठंड का अहसास

0 22

बिहार में मौसम ने करवट ले ली है। पछुआ हवाओं के असर से प्रदेश में शुष्क मौसम बना हुआ है और सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है। दिन में धूप निकलने से हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है, जबकि रात के समय तापमान गिरने से ठंडक बनी हुई है।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। हालांकि उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रह सकती है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने और मौसम के शुष्क बने रहने का अनुमान है।

30 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही पछुआ हवा

मौसम विभाग ने पछुआ हवाओं की रफ्तार करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान जताया है। मंगलवार को राज्य के 13 जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे सुबह और रात के समय ठंडक बढ़ी।

सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस सबौर (भागलपुर) में रिकॉर्ड किया गया। वहीं राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। प्रदेश में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस से 18.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

पूर्णिया में सबसे कम दृश्यता, अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी

मंगलवार को पूर्णिया में सबसे कम 9 मीटर दृश्यता दर्ज की गई। दूसरी ओर राजधानी समेत सभी जिलों में अधिकतम तापमान में वृद्धि देखी गई। पटना का अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कैमूर में सर्वाधिक 31.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ।

फिलहाल मौसम शुष्क रहने और दिन-रात के तापमान में अंतर बने रहने के आसार हैं, जिससे लोगों को सुबह-शाम हल्की ठंड और दिन में हल्की गर्मी का मिश्रित असर महसूस होता रहेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.