यूपी पुलिस की रडार पर बिहार के 6 गैंगस्टर, योगी सरकार ने घोषित किया ₹50-50 हजार का इनाम

0 48

पटना। उत्तर प्रदेश में गो-तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। वाराणसी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित 54 अपराधियों पर ₹50-50 हजार का इनाम घोषित किया है। इन इनामी अपराधियों में बिहार के अलग-अलग जिलों के छह कुख्यात गो-तस्कर भी शामिल हैं।

संभावित ठिकानों पर दबिश, बिहार पुलिस से समन्वय
यूपी पुलिस इन सभी वांछित अपराधियों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही इनकी गिरफ्तारी के लिए बिहार पुलिस से भी लगातार संपर्क साधा जा रहा है। बिहार के जिन छह अपराधियों पर इनाम घोषित किया गया है, वे कैमूर, गया, औरंगाबाद, मोतिहारी और रोहतास जिलों के निवासी बताए गए हैं।

चंदौली और गाजीपुर में वांछित हैं सभी इनामी अपराधी
पुलिस के अनुसार सभी इनामी अपराधी उत्तर प्रदेश के चंदौली और गाजीपुर जिलों में दर्ज मामलों में वांछित हैं। जारी सूची के मुताबिक 54 में से 50 अपराधी चंदौली जिले से एक वर्ष से फरार हैं, जबकि गाजीपुर से जुड़े चार अपराधियों की बीते छह माह से तलाश की जा रही है।

लगातार छापेमारी के बाद इनाम की घोषणा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लगातार दबिश के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने पर इन अपराधियों की सूचना देने वालों को इनाम देने का फैसला लिया गया है। इन अपराधियों के गृह राज्य की पुलिस को भी इनामी सूची भेज दी गई है, ताकि समन्वित कार्रवाई की जा सके।

बिहार के छह इनामी गो-तस्करों के नाम आए सामने
जारी सूची में बिहार के जिन छह गो-तस्करों के नाम शामिल हैं, उनमें कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र के नरैली निवासी सोनू यादव, चैनपुर थाना क्षेत्र के निरंजनपुर निवासी भगवान यादव, गया जिले के बोधगया निवासी नसीम खां, औरंगाबाद जिले के रफीकगंज निवासी सनवर खान, मोतिहारी जिले के रामगढ़वा निवासी मुन्ना कुमार और रोहतास जिले के शिवसागर निवासी रमाशंकर शामिल हैं।

देश के कई राज्यों से जुड़े हैं अन्य वांछित अपराधी
इनके अलावा सूची में शामिल अन्य अपराधी गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली, प्रतापगढ़, मुंबई, शामली, मेरठ, मीरजापुर, हरियाणा, जौनपुर, मुरादाबाद और सुल्तानपुर सहित विभिन्न जिलों और राज्यों के निवासी बताए गए हैं।

जल्द गिरफ्तारी के संकेत, कई ठोस सुराग मिले
सूत्रों के अनुसार उत्तर प्रदेश पुलिस को कई अपराधियों के संबंध में ठोस सुराग मिले हैं। योगी आदित्यनाथ सरकार की सख्त नीति के तहत इन पर कार्रवाई तेज की गई है और जल्द ही दबिश देकर गिरफ्तारी किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.