समृद्धि यात्रा के तहत 23 मार्च को जहानाबाद पहुंचेंगे नीतीश कुमार, 220 करोड़ की विकास योजनाओं का करेंगे शिलान्यास

0 38

जहानाबाद। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के तहत 23 मार्च को जहानाबाद जिले का दौरा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस दौरान वह जिले में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और निरीक्षण करेंगे।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री करीब 220 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जबकि लगभग 47 करोड़ रुपये की लागत से तैयार परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। इसके अलावा 60 लाख रुपये की लागत से निर्मित वन स्टॉप सेंटर और दो करोड़ रुपये की लागत से बने अभियोजन अधिकारी कार्यालय का भी उद्घाटन किया जाएगा।

कई विभागों की योजनाओं को मिलेगी मंजूरी

मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान मत्स्य, मनरेगा, खेल और अन्य विभागों से जुड़ी कई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही गोवर्धन योजना, पंचायतों में बने अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाइयों और पंचायत सरकार भवनों का भी उद्घाटन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों को लेकर प्रशासनिक अमला संभावित स्थलों पर तैयारियों में जुटा हुआ है।

धराउत गांव में बनेगा अंबेडकर आवासीय विद्यालय

दौरे के दौरान धराउत गांव में 47 करोड़ रुपये की लागत से बने डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय भवन का भी उद्घाटन प्रस्तावित है। यह विद्यालय कक्षा 12 तक संचालित होगा और यहां 720 छात्र-छात्राओं के आवासीय अध्ययन की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा जिला मुख्यालय के साथ दो प्रखंडों में भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

पर्यटन स्थल वाणावर में विकास कार्यों का करेंगे निरीक्षण

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए मखदुमपुर स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल वाणावर, पुरातात्विक धरोहरों से समृद्ध धराउत गांव और काको प्रखंड का मनियामा गांव संभावित स्थलों के रूप में चिन्हित किए गए हैं।

वाणावर में समग्र विकास योजना के तहत करीब 49 करोड़ 8 लाख रुपये की लागत से कई विकास कार्य चल रहे हैं। यहां पातालगंगा से बाबा सिद्धेश्वर नाथ मंदिर तक लगभग 10.30 फीट चौड़ा सुगम मार्ग तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा सीढ़ियों के किनारे बैठने के लिए बेंच, कैफेटेरिया क्षेत्र, शेल्टर, शेड और गजेबो का निर्माण भी कराया जा रहा है। यहां रोपवे निर्माण का काम भी अंतिम चरण में बताया जा रहा है।

पिछले वर्ष भी जहानाबाद आए थे मुख्यमंत्री

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पिछले वर्ष 14 फरवरी 2025 को प्रगति यात्रा के दौरान भी जहानाबाद आए थे। उस समय उन्होंने 88 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था। इनमें 154.72 करोड़ रुपये की 55 योजनाओं का उद्घाटन और 86.48 करोड़ रुपये की 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल था।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.