नई दिल्ली। देश में गैस संकट की खबरों के बीच केंद्र सरकार ने लोगों से घबराकर एलपीजी सिलेंडर बुक न करने की अपील की है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि भारत की कुल रिफाइनिंग क्षमता करीब 258 मिलियन मीट्रिक टन है और पेट्रोल व डीजल के उत्पादन में देश आत्मनिर्भर है। इसलिए इन ईंधनों को आयात करने की जरूरत नहीं पड़ती। फिलहाल देश की सभी रिफाइनरियां 100% या उससे अधिक क्षमता पर काम कर रही हैं।
रिफाइनरियां 30% ज्यादा LPG बना रहीं
सरकार के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उत्पादन बढ़ा दिया गया है। सुजाता शर्मा ने बताया कि 5 मार्च के मुकाबले इस समय रिफाइनरियां करीब 30 प्रतिशत अधिक एलपीजी का उत्पादन कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को भी प्राथमिकता के आधार पर गैस की आपूर्ति की जा रही है। वहीं कमर्शियल सिलेंडरों के वितरण को व्यवस्थित करने के लिए उन्हें राज्य सरकारों के सुपुर्द किया गया है ताकि जरूरतमंद क्षेत्रों में प्राथमिकता तय कर आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
रिफाइनरियों के पास कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार
सरकार ने स्पष्ट किया कि देश की रिफाइनरियों के पास कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और इसकी आपूर्ति भी लगातार जारी है। इसके अलावा घरेलू उपभोक्ताओं के लिए PNG और CNG की आपूर्ति भी बिना किसी रुकावट के जारी है।
सरकार के मुताबिक मौजूदा हालात को देखते हुए आम लोगों को घबराने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है।
कमर्शियल उपभोक्ताओं के लिए PNG विकल्प
सरकार ने बड़े शहरों के व्यावसायिक उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे एलपीजी पर निर्भरता कम करने के लिए पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन लेने पर विचार करें। इसके लिए वे अपने स्थानीय सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क या अधिकृत डीलर से संपर्क कर सकते हैं।
25 हजार डिस्ट्रीब्यूटर्स में कहीं स्टॉक खत्म नहीं
सरकार ने कहा कि देशभर में मौजूद लगभग 25 हजार एलपीजी वितरकों में से किसी के यहां गैस खत्म होने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
अंत में सुजाता शर्मा ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर सिलेंडर की बुकिंग या खरीदारी करने से बचें।