PM किसान योजना की 22वीं किस्त जारी, 9.32 करोड़ किसानों के खातों में पहुंचे 2000 रुपये; ऐसे चेक करें लिस्ट में अपना नाम

0 79

नई दिल्ली। देश के करोड़ों किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार 13 मार्च को असम के गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी कर दी। इस किस्त के तहत देशभर के 9.32 करोड़ से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में सीधे 18,640 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की गई है।

योजना के तहत प्रत्येक पात्र किसान के खाते में 2,000 रुपये भेजे गए हैं। यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा हो रही है। आमतौर पर पैसा जमा होने के बाद बैंक की ओर से मोबाइल पर संदेश भी भेजा जाता है, लेकिन यदि किसी कारण से संदेश नहीं मिलता है तो किसान अपने बैंक खाते का बैलेंस जांचकर भी इसकी पुष्टि कर सकते हैं।

योजना का लाभ पाने के लिए जरूरी हैं ये शर्तें

सरकार ने योजना का लाभ लगातार मिलता रहे, इसके लिए कुछ नियम अनिवार्य किए हैं। लाभार्थियों के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी होना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही किसान के पास वैध किसान पहचान पत्र होना भी आवश्यक है।

जिन किसानों ने समय पर ई-केवाईसी और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं, उनके खातों में किस्त की राशि बिना किसी बाधा के पहुंच जाएगी। वहीं यदि किसी किसान के दस्तावेज अधूरे हैं या जरूरी प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है तो उसकी किस्त रुक सकती है।

लाभार्थी सूची में ऐसे देखें अपना नाम

अगर किसान यह जानना चाहते हैं कि उन्हें इस बार की किस्त मिलेगी या नहीं, तो वे योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर लाभार्थी सूची में अपना नाम देख सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट के होम पेज पर दिए गए फार्मर्स कॉर्नर सेक्शन में जाकर बेनेफिशियरी लिस्ट के विकल्प पर क्लिक करना होगा।

इसके बाद किसान को अपना राज्य, जिला, तहसील, ब्लॉक और गांव की जानकारी भरनी होगी। ‘गेट रिपोर्ट’ पर क्लिक करते ही उस गांव के सभी पात्र किसानों की सूची स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी।

यदि इस सूची में किसान का नाम शामिल है तो उसके खाते में 2,000 रुपये की किस्त निश्चित रूप से पहुंच जाएगी। वहीं यदि सूची में नाम नहीं है तो उस किसान को इस बार की किस्त का लाभ नहीं मिल पाएगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.