आज घोषित हो सकती हैं पांच प्रदेशों के विधानसभा चुनाव की तारीखें, शाम 4 बजे चुनाव आयोग करेगा प्रेस कॉन्फ्रेंस
देश के पांच प्रदेशों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर आज बड़ा ऐलान हो सकता है। चुनाव आयोग रविवार शाम चार बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है। माना जा रहा है कि इसी दौरान इन प्रदेशों में मतदान की तारीखों और चुनावी कार्यक्रम की पूरी जानकारी सामने आएगी।
इन चुनावों को लेकर प्रशासनिक और चुनावी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। राजनीतिक दल भी अपनी-अपनी रणनीति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।
चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में होंगे चुनाव
जानकारी के अनुसार जिन प्रदेशों में चुनाव की घोषणा हो सकती है उनमें पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और असम शामिल हैं। इसके अलावा केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग इन सभी प्रदेशों के लिए मतदान और मतगणना की तारीखों का ऐलान एक साथ कर सकता है।
मई-जून में समाप्त हो रहा है विधानसभाओं का कार्यकाल
इन पांचों प्रदेशों की विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून महीने में अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए चुनाव आयोग चुनाव कार्यक्रम घोषित करने की तैयारी में है, ताकि समय पर नई सरकारों का गठन हो सके।
मतदाता सूचियों का संशोधन पूरा
चुनाव आयोग की ओर से इन सभी प्रदेशों के लिए विशेष गहन मतदाता सूची संशोधन के तहत अंतिम मतदाता सूचियां भी प्रकाशित की जा चुकी हैं। इससे चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है।
राजनीतिक दलों ने तेज की चुनावी तैयारी
विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। कई दल चुनावी रणनीति तैयार करने में जुटे हैं, जबकि कुछ दल उम्मीदवारों के नामों की घोषणा भी शुरू कर चुके हैं। कांग्रेस पार्टी पश्चिम बंगाल के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची भी जारी कर चुकी है।
अब सबकी नजरें चुनाव आयोग की शाम चार बजे होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं, जहां से चुनाव कार्यक्रम को लेकर अंतिम घोषणा होने की संभावना है।