PF खाताधारकों के लिए खुशखबरी: EPF पर मिलेगा 8.25% ब्याज, जानिए कब आएगा पैसा और कैसे होता है पूरा कैलकुलेशन
नौकरीपेशा लोगों के लिए प्रोविडेंट फंड यानी पीएफ उनकी भविष्य की सबसे सुरक्षित बचत योजनाओं में से एक माना जाता है। हर साल कर्मचारी यह जानने के लिए उत्सुक रहते हैं कि उनके पीएफ खाते में ब्याज कब जमा होगा और इससे उन्हें कितना फायदा मिलेगा। इसी बीच Employees’ Provident Fund Organisation ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए पीएफ जमा पर 8.25 प्रतिशत ब्याज देने का फैसला किया है, जिससे लाखों कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
कब तक खाते में आएगा ब्याज
पीएफ का ब्याज किसी तय तारीख पर सीधे खातों में जमा नहीं होता। इसके लिए एक तय प्रक्रिया पूरी की जाती है। सबसे पहले Employees’ Provident Fund Organisation का सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज संबंधित वित्त वर्ष के लिए ब्याज दर तय करता है। इसके बाद इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार की अंतिम मंजूरी के लिए भेजा जाता है।
सरकार की मंजूरी मिलने के बाद ही कर्मचारियों के पीएफ खातों में ब्याज जमा किया जाता है। पिछले वर्षों के अनुभव के आधार पर देखा जाए तो अंतिम मंजूरी मिलने और खातों में ब्याज आने में आमतौर पर दो से तीन महीने का समय लग जाता है। कई बार यह प्रक्रिया जुलाई या अगस्त तक भी चलती रहती है और सभी खातों में ब्याज एक साथ जमा नहीं होता।
EPF ब्याज की गणना कैसे होती है
पीएफ खाते में ब्याज की गणना एक खास तरीके से की जाती है। नियमों के मुताबिक ब्याज का हिसाब मंथली रनिंग बैलेंस यानी हर महीने खाते में मौजूद रकम के आधार पर लगाया जाता है।
पिछले बैलेंस पर पूरे साल का ब्याज
अगर पिछले वित्त वर्ष के अंत में आपके पीएफ खाते में जो बैलेंस था, उस पर पूरे 12 महीनों का ब्याज दिया जाता है। हालांकि यदि आपने साल के दौरान कुछ राशि निकाल ली है तो उस निकाली गई रकम को घटाकर ही ब्याज की गणना की जाती है।
बीच में निकाले गए पैसे पर सीमित अवधि का ब्याज
यदि किसी कर्मचारी ने वित्त वर्ष के दौरान पीएफ से कुछ पैसा निकाला है, तो उस राशि पर ब्याज केवल उस महीने तक मिलता है, जिस महीने तक पैसा खाते में मौजूद था। इसके बाद उस निकाली गई रकम पर ब्याज नहीं जोड़ा जाता।
नई जमा राशि पर अगले महीने से ब्याज
अगर साल के दौरान आपके पीएफ खाते में नई रकम जमा होती है, तो उस पर ब्याज जमा होने के अगले महीने की पहली तारीख से लेकर 31 मार्च तक दिया जाता है।
ब्याज की राशि को राउंड ऑफ किया जाता है
वित्त वर्ष के अंत में कुल ब्याज की गणना करने के बाद उसे नजदीकी पूरे रुपये में राउंड ऑफ कर दिया जाता है और फिर खाते में जोड़ा जाता है।
कर्मचारियों के लिए क्यों फायदेमंद है EPF
पीएफ पर मिलने वाला ब्याज कई अन्य बचत योजनाओं की तुलना में बेहतर माना जाता है। यही कारण है कि यह योजना नौकरीपेशा लोगों के लिए लंबी अवधि की सुरक्षित बचत का एक मजबूत विकल्प बनी हुई है और भविष्य में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है।