नेपाल में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी के दामों में बड़ा इजाफा, पेट्रोल 188 और डीजल 196 रुपये प्रति लीटर पहुंचा
मध्य पूर्व में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब दक्षिण एशिया तक दिखाई देने लगा है। इसी कड़ी में नेपाल में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की गई है। नई दरों के अनुसार पेट्रोल में 31 रुपये, डीजल में 54 रुपये और एलपीजी गैस सिलेंडर में 296 रुपये की वृद्धि की गई है। बढ़ती वैश्विक कीमतों और आपूर्ति संबंधी चुनौतियों का हवाला देते हुए नेपाल ऑयल निगम ने यह फैसला लिया है।
नेपाल सरकार के इस निर्णय के बाद आम लोगों पर ईंधन खर्च का बोझ और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
देर रात बैठक के बाद लिया गया फैसला
नेपाल ऑयल निगम की रविवार देर रात तक चली बैठक में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी का निर्णय लिया गया। निगम की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति प्रबंधन में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
निगम के मुताबिक नई दरें आज रात 12 बजे से ही प्रभावी कर दी गई हैं।
यह है नया रेट कार्ड
नए मूल्य समायोजन के बाद नेपाल में पेट्रोल की कीमत 31 रुपये प्रति लीटर बढ़ाकर 188 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं डीजल की कीमत में 54 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के साथ इसे 196 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है।
इसके अलावा एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में भी बड़ा इजाफा किया गया है। 296 रुपये की बढ़ोतरी के बाद अब घरेलू गैस सिलेंडर का नया दाम 2,126 रुपये प्रति सिलेंडर तय किया गया है।
मध्य पूर्व तनाव का असर, बढ़ीं अंतरराष्ट्रीय कीमतें
नेपाल ऑयल निगम के अनुसार हाल के दिनों में मध्य पूर्व और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में तेजी आई है। इससे वैश्विक आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव बढ़ा है।
निगम ने बताया कि नेपाल पेट्रोलियम उत्पादों का उत्पादन नहीं करता, इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में होने वाले बदलाव का सीधा असर देश पर पड़ता है। पहले भी वैश्विक परिस्थितियों के कारण आपूर्ति प्रणाली प्रभावित हुई थी, जिससे भुगतान और सप्लाई व्यवस्था को लेकर चुनौतियां सामने आई थीं।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन का जताया आभार
नेपाल ऑयल निगम ने मौजूदा समय में भी नेपाल को लगातार पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति जारी रखने के लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन का आभार व्यक्त किया है।
निगम का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार की मौजूदा स्थिति को देखते हुए कीमतों में यह समायोजन किया गया है, ताकि देश में पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी रखी जा सके।