ईरान को लेकर ट्रंप का बड़ा दावा, बोले— ‘हम हट भी जाएं तो फिर से खड़ा होने में लगेंगे 10 साल’

0 29

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सैन्य हमलों से ईरान को इतना भारी नुकसान पहुंचा है कि देश को फिर से खड़ा होने में कम से कम एक दशक लग सकता है। हालांकि ट्रंप ने यह भी साफ किया कि वह फिलहाल युद्ध खत्म होने या पूर्ण जीत की आधिकारिक घोषणा करने के पक्ष में नहीं हैं।

एयरफोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि मौजूदा हालात में ईरान गंभीर रूप से कमजोर हो चुका है, लेकिन संघर्ष पूरी तरह समाप्त हुआ है ऐसा कहना अभी जल्दबाजी होगा।

‘ईरान तबाह हो चुका है’

ज्वाइंट बेस एंड्र्यूज के लिए रवाना होते समय विमान में पत्रकारों से बातचीत में जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह युद्ध खत्म होने की घोषणा करेंगे, तो उन्होंने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई कारण नजर नहीं आता।

ट्रंप ने कहा, “मैं बस इतना कह सकता हूं कि ईरान तबाह हो चुका है। हमने उन्हें बहुत भारी नुकसान पहुंचाया है। अगर हम अभी पीछे भी हट जाएं तो उन्हें फिर से खड़ा होने में 10 साल या उससे भी ज्यादा समय लग सकता है। लेकिन मैं अभी यह नहीं कह रहा कि सब कुछ खत्म हो गया है।”

‘ईरान की सैन्य ताकत को भारी नुकसान’

ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी सैन्य अभियानों ने ईरान की सैन्य क्षमता को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। उनके मुताबिक ईरान की वायु सेना और वायु रक्षा प्रणाली को बड़ा नुकसान पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि अब ईरान के पास प्रभावी एयर डिफेंस सिस्टम लगभग नहीं बचा है। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि इस अभियान में ईरान के कई बड़े सैन्य नेताओं को भी निशाना बनाया गया।

खारग द्वीप पर हमले का जिक्र

ट्रंप ने ईरान के खारग द्वीप का भी जिक्र किया, जहां देश की प्रमुख तेल निर्यात सुविधाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिकी हमलों में मुख्य रूप से सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया और तेल ढांचे को फिलहाल सुरक्षित रखा गया है।

ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा, “हमने खारग द्वीप पर हमला किया है और वहां उनका बहुत कम हिस्सा बचा है। बाकी जगह पाइपलाइन और तेल निर्यात का बड़ा केंद्र है। अगर हम चाहें तो पांच मिनट के अंदर सब कुछ नष्ट कर सकते हैं, हमारे पास पूरी तैयारी है। लेकिन फिलहाल मैंने ऐसा नहीं करने का फैसला किया है। आगे देखते हैं क्या होता है।”

अमेरिकी सेना की तारीफ

ट्रंप ने अमेरिकी सेना की सराहना करते हुए कहा कि सैन्य बलों ने इस अभियान में बेहद अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि सेना का प्रदर्शन “अविश्वसनीय” रहा है।

साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि ईरान बातचीत करना चाहता है, लेकिन अभी वह इसके लिए तैयार नहीं है। ट्रंप के मुताबिक, ईरान किसी न किसी समय पर बातचीत की मेज पर आने के लिए मजबूर हो सकता है।

ईरान ने ट्रंप के दावे खारिज किए

वहीं दूसरी ओर ईरान ने ट्रंप के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि ईरान ने कभी युद्धविराम या बातचीत की मांग नहीं की है।

एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि ईरान अपनी सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है और जरूरत पड़ने पर जवाब देने की क्षमता रखता है। उनके मुताबिक देश अपनी रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाने को तैयार है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.