क्या सीएम के बाद जदयू प्रमुख का पद भी छोड़ेंगे नीतीश कुमार? राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की अधिसूचना जारी, सियासत में बढ़ी हलचल

0 20

पटना। राज्यसभा चुनाव से पहले बिहार की राजनीति में नई हलचल देखने को मिल रही है। जनता दल (यूनाइटेड) ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। फिलहाल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। अधिसूचना जारी होने के बाद यह सवाल उठने लगा है कि क्या वह मुख्यमंत्री पद के साथ-साथ पार्टी अध्यक्ष का पद भी छोड़ सकते हैं या फिर एक बार फिर संगठन की कमान अपने हाथों में ही रखेंगे।

22 मार्च को नामांकन, 27 मार्च को हो सकता है चुनाव

पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए 22 मार्च को नामांकन दाखिल किए जाएंगे। नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 24 मार्च तय की गई है। अगर इस पद के लिए एक से अधिक उम्मीदवार सामने आते हैं तो 27 मार्च को चुनाव कराया जाएगा।

हालांकि पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि नीतीश कुमार के एक बार फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की संभावना ज्यादा है। माना जा रहा है कि राज्यसभा सदस्य रहते हुए वे पार्टी की कमान अपने ही हाथों में बनाए रख सकते हैं।

बेगूसराय कार्यक्रम में बढ़ी राजनीतिक चर्चा

इसी बीच बेगूसराय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर राजनीतिक कयास तेज हो गए। कार्यक्रम में सम्राट चौधरी के प्रति दिखाई दिए समर्थन के बाद कई लोग उन्हें भविष्य का मुख्यमंत्री तक बताने लगे।

मंच से कहा गया – सीएम के तौर पर आखिरी यात्रा

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जब नीतीश कुमार बेगूसराय पहुंचे और मंच पर आए तो कार्यक्रम के संचालक ने यहां तक कह दिया कि यह मुख्यमंत्री के रूप में उनकी आखिरी यात्रा हो सकती है। इस टिप्पणी के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

महिलाओं के उठकर जाने पर नाराज हुए मुख्यमंत्री

कार्यक्रम के दौरान एक और दिलचस्प वाकया सामने आया। जब मुख्यमंत्री भाषण दे रहे थे, उसी दौरान कुछ महिलाएं कार्यक्रम स्थल से जाने लगीं। उन्हें जाता देख नीतीश कुमार नाराज हो गए और भाषण रोकते हुए बोले, “अरे कहां जा रही हैं? हम बंद कर दें क्या? पहले भी लोग जा रहे थे। अगर सब भागने लगेंगे तो हम भी छोड़ देंगे। यहां सब बताया जा रहा है, फिर भाग क्यों रहे हैं? सब जानिए तब समझ में आएगा।”

सम्राट चौधरी का हाथ पकड़कर जनता की ओर लहराया

भाषण खत्म करने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोगों से एक मिनट रुकने को कहा। इसके बाद वे मंच पर ही उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास पहुंचे, उनका हाथ पकड़ा और उसे जनता की ओर उठाकर लहराया।

नीतीश कुमार के इस इशारे के बाद राजनीतिक हलकों में कई तरह की अटकलें शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे सम्राट चौधरी को आगे बढ़ाने का संकेत मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे सिर्फ उनके प्रति समर्थन और सम्मान का इजहार बता रहे हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.