प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत 90 हजार लाभार्थियों को बड़ी सौगात, 900 करोड़ रुपये की पहली किस्त खातों में भेजी गई

0 26

उत्तर प्रदेश में गरीब और जरूरतमंद परिवारों के पक्के घर के सपने को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत प्रदेश के 90 हजार लाभार्थियों को पहली किस्त के रूप में 900 करोड़ रुपये की अनुदान राशि उनके बैंक खातों में स्थानांतरित की गई। यह राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाई गई।

लखनऊ से मुख्यमंत्री ने किया धनराशि का डीबीटी हस्तांतरण

लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना के तहत लाभार्थियों को यह बड़ी सौगात दी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने डीबीटी के माध्यम से प्रदेश के 90 हजार लाभार्थियों के खातों में 900 करोड़ रुपये की पहली किस्त हस्तांतरित की। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को अपने पक्के मकान के निर्माण के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि उनका खुद का घर होने का सपना पूरा हो सके।

गौतमबुद्धनगर में कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण गौतमबुद्धनगर के कलेक्ट्रेट परिसर में भी किया गया। इस मौके पर जेवर विधानसभा के विधायक धीरेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में विधायक और जिलाधिकारी ने जिले के चयनित 220 लाभार्थियों को प्रथम किस्त के स्वीकृति पत्र प्रदान किए।

लाभार्थियों से संवाद कर दी बधाई

कार्यक्रम के दौरान विधायक धीरेंद्र सिंह ने लाभार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और पक्का आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। उन्होंने सभी लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सहायता राशि उनके घर निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

220 लाभार्थियों को मिली पहली किस्त

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने भी सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि सभी पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से मिले। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा कराया जाएगा।

प्रभारी परियोजना अधिकारी और डिप्टी कलेक्टर वेद प्रकाश पांडे ने जानकारी दी कि जिले में कुल 220 लाभार्थियों को पहली किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। इनमें नगर पंचायत जेवर के 115, नगर पंचायत रबूपुरा के 58, नगर पंचायत बिलासपुर के 18, नगर पंचायत दनकौर के 15 और नगर पंचायत जहांगीरपुर के 14 लाभार्थी शामिल हैं।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, प्रभारी नगर मजिस्ट्रेट अरविंद मिश्रा, सहकारिता विभाग के अधिकारी आलोक रंजन, शहर मिशन प्रबंधक शीला कुमारी, सिविल इंजीनियर पीयूष कुमार, जिला समन्वयक आकाश शर्मा, सामुदायिक आयोजक रविंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.