मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ट्रंप की चेतावनी, बोले- ‘ईरान को परमाणु हथियार मिला तो तुरंत करेगा इस्तेमाल’

0 32

मध्य-पूर्व में जारी तनाव और सैन्य टकराव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि ईरान के हाथ परमाणु हथियार लगना पूरी दुनिया के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकता है, क्योंकि वह इसका इस्तेमाल बिना देर किए कर सकता है।

‘परमाणु हथियार मिला तो तुरंत करेगा इस्तेमाल’

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ हालिया सैन्य कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि वह युद्ध नहीं चाहते, लेकिन हालात बेहद संवेदनशील हैं। उन्होंने कहा, “अगर ईरान को परमाणु हथियार मिल गया, तो वह इसे एक घंटे या एक दिन के भीतर इस्तेमाल कर सकता है।” ट्रंप ने ईरान के नेतृत्व को हिंसक और क्रूर बताते हुए दावा किया कि हाल के हफ्तों में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को मारा गया है।

‘सिर्फ इजरायल नहीं, पूरा मध्य-पूर्व खतरे में’

ट्रंप ने चेतावनी दी कि ईरान का परमाणु हथियार सिर्फ इजरायल के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे मध्य-पूर्व के लिए विनाशकारी साबित होगा। उन्होंने कहा, “ईरान परमाणु हथियारों के जरिए पूरे क्षेत्र को तबाह कर सकता है।” उनके इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता और बढ़ गई है।

ईरान की सैन्य ताकत कमजोर होने का दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि पिछले दो हफ्तों में हुए हमलों से ईरान की सैन्य क्षमता को भारी नुकसान पहुंचा है। ट्रंप के मुताबिक, ईरान की नौसेना, वायुसेना और एयर डिफेंस सिस्टम काफी हद तक खत्म हो चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के नेतृत्व ढांचे को भी गंभीर झटका लगा है।

होर्मुज जलडमरूमध्य पर भी जताई चिंता

ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य के रणनीतिक महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कई देश अपनी ऊर्जा जरूरतों का 90 से 95 प्रतिशत इसी मार्ग से पूरा करते हैं। ट्रंप के मुताबिक, यह एक अहम ‘चोक पॉइंट’ है, जिसका इस्तेमाल ईरान लंबे समय से करता रहा है, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं।

वैश्विक स्तर पर बढ़ी बेचैनी

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब मध्य-पूर्व में लगातार तनाव बढ़ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हालात पर काबू नहीं पाया गया, तो यह संकट व्यापक संघर्ष का रूप ले सकता है, जिससे वैश्विक सुरक्षा और अर्थव्यवस्था दोनों प्रभावित होंगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.