दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में मंगलवार को एक होटल में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते तीन इमारतों और एक वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि आग लगने की घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन आग बुझाने के दौरान पीछे (रिवर्स) जा रहे दमकल वाहन की चपेट में आने से एक होटल कर्मचारी की मौत हो गई।
गैस सिलेंडर में धमाकों ने बढ़ाई मुश्किलें
पहलगाम के लारीपोरा इलाके में ‘असल रिज़ॉर्ट’ होटल की आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के लिए पहलगाम, सल्लार, अनंतनाग और अश्मुकाम से दमकल की टीमों को मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि कई रसोई गैस (LPG) सिलेंडरों में लगातार धमाके होने से आग बुझाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में किया।
होटल को हुआ करोड़ों का नुकसान
होटल के मैनेजर उमर हुसैन ने बताया कि तीन इमारतें पूरी तरह जल गईं और एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। हमारी तीन इमारतें आग की चपेट में आ गईं। अनुमानित नुकसान 50-60 करोड़ रुपये का है।” फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और प्रशासन मामले की गंभीरता से समीक्षा कर रहा है।