अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच चीन ने मंगलवार को खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा कि बीजिंग ईरान, लेबनान, जॉर्डन और इराक में संघर्ष से प्रभावित लोगों के लिए आपातकालीन मानवीय सहायता प्रदान करेगा।
स्थानीय लोगों की परेशानियों को कम करना चीन का उद्देश्य
लिन जियान ने बताया कि चीन का मकसद स्थानीय लोगों को हो रही दिक्कतों को कम करना है। उन्होंने कहा, “मौजूदा समय में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण ईरान और अन्य क्षेत्रीय देशों के लोग गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। चीन संबंधित देशों के लोगों के प्रति गहरी सहानुभूति व्यक्त करता है।”
क्षेत्रीय संकट का गंभीर प्रभाव
संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी के मुताबिक, पश्चिम एशिया में संकट से लगभग 2.5 करोड़ लोग प्रभावित हो चुके हैं। लेबनान में करीब 8,00,000 लोग विस्थापित हुए हैं, जबकि ईरान में कई निर्दोष नागरिकों की जान गई है। जॉर्डन, इराक और अन्य क्षेत्रीय देश भी इस संकट से प्रभावित हैं।
आपातकालीन आर्थिक मदद की घोषणा
चीन ने पिछले सप्ताह ही ईरान के एक प्राथमिक विद्यालय पर हालिया बम हमले में मारे गए पीड़ितों के परिजनों के लिए आपातकालीन मानवीय सहायता के रूप में 2,00,000 अमेरिकी डॉलर की मदद का ऐलान किया था। इस कदम के जरिए बीजिंग ने स्पष्ट किया कि वह संकटग्रस्त क्षेत्र में मानवीय पहल के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहा है।