फर्ग्यूसन-सियर्स की घातक गेंदबाजी, न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 68 रन से रौंदा; सीरीज बराबर

0 25

न्यूजीलैंड ने सेडन पार्क में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका पर शानदार जीत दर्ज करते हुए मुकाबला 68 रन से अपने नाम कर लिया। 176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम 15.3 ओवर में ही 107 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने सीरीज को 1-1 से बराबरी पर ला खड़ा किया है।

लक्ष्य का पीछा करते ही लड़खड़ाई दक्षिण अफ्रीका की पारी

176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। विकेटकीपर-बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजेन 12 गेंदों में 8 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद वियान मुल्डर 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि टॉनी डी जॉर्जी सिर्फ 1 रन ही बना सके। रुबिन हरमन ने 19 रन का योगदान दिया, लेकिन जेसन स्मिथ भी 12 रन बनाकर चलते बने।

लिंडे की कोशिश बेकार, बाकी बल्लेबाज नहीं दे सके साथ

मध्यक्रम में जॉर्ज लिंडे ने 12 गेंदों में 33 रन की तेज पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से किसी बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। केशव महाराज और नकोबानी मोकोएना बिना खाता खोले आउट हो गए, जिससे टीम पूरी तरह दबाव में आ गई।

फर्ग्यूसन और सियर्स ने मचाई तबाही

न्यूजीलैंड की जीत में गेंदबाजों की अहम भूमिका रही। बेन सियर्स ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 14 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं लोकी फर्ग्यूसन ने 3.3 ओवर में 16 रन खर्च कर 3 विकेट अपने नाम किए और दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

कॉनवे की दमदार पारी से बना मजबूत स्कोर

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 175 रन बनाए। टीम के लिए डेवोन कॉनवे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों में 60 रन की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। टॉम लाथम 11 रन बनाकर आउट हुए, जबकि टिम रॉबिन्सन सिर्फ 1 रन ही बना सके।

अंतिम ओवरों में क्लार्कसन का तूफान

निक केली ने 21 रन और कप्तान मिचेल सैंटनर ने 20 रन का योगदान दिया। पारी के आखिरी ओवरों में जोश क्लार्कसन ने 9 गेंदों में 26 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। दक्षिण अफ्रीका की ओर से गेंदबाजी में वियान मुल्डर ने 2 विकेट लिए, जबकि गेराल्ड कोएत्जी और केशव महाराज को एक-एक सफलता मिली।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.