IPL 2026 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद का बड़ा फैसला, ईशान किशन बने कप्तान, अभिषेक शर्मा को मिली अहम जिम्मेदारी

0 26

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के आगाज से ठीक पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने टीम मैनेजमेंट से जुड़ा बड़ा फैसला लेते हुए अपने नए कप्तान का ऐलान कर दिया है। टीम ने धाकड़ बल्लेबाज ईशान किशन को कप्तानी सौंपी है, जबकि युवा ऑलराउंडर अभिषेक शर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। यह फैसला टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस की गैरमौजूदगी को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

कमिंस की गैरहाजिरी में किशन संभालेंगे कमान

सनराइजर्स हैदराबाद ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि पैट कमिंस चोट के कारण शुरुआती कुछ मुकाबलों में उपलब्ध नहीं रहेंगे। ऐसे में उनके पूरी तरह फिट होकर वापसी करने तक ईशान किशन टीम की कप्तानी करेंगे। जैसे ही कमिंस टीम से जुड़ेंगे, वह दोबारा कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल लेंगे।

ईशान किशन हाल ही में टी20 विश्व कप 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन को लेकर चर्चा में रहे हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और अनुभव को देखते हुए टीम मैनेजमेंट ने उन पर भरोसा जताया है। इससे पहले वह 2024 तक मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे, जबकि 2025 की नीलामी में सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 11 करोड़ 40 लाख रुपये में खरीदा था।

आईपीएल में शानदार रिकॉर्ड, टीम को उम्मीदें

आईपीएल करियर की बात करें तो ईशान किशन ने अब तक 119 मैचों की 112 पारियों में 2998 रन बनाए हैं। उनका औसत 29.10 और स्ट्राइक रेट 137.64 रहा है। उनके नाम इस लीग में एक शतक और 17 अर्धशतक दर्ज हैं। ऐसे में कप्तान के तौर पर उनसे टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने की उम्मीदें हैं।

पहले मुकाबले में आरसीबी से टक्कर

सनराइजर्स हैदराबाद 28 मार्च को अपने अभियान की शुरुआत करेगी, जहां उसका पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। यह मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद टीम कोलकाता में कोलकाता नाइट राइडर्स से भिड़ेगी, जबकि तीसरे मुकाबले में 5 अप्रैल को हैदराबाद में लखनऊ सुपर जायंट्स से सामना होगा। चौथा मैच 11 अप्रैल को न्यू चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स के खिलाफ खेला जाएगा।

सनराइजर्स हैदराबाद का पूरा स्क्वाड

टीम में पैट कमिंस, ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, अनिकेत वर्मा, आर स्मरण, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, कामेंदु मेंडिस, हर्षल पटेल, ब्रायडन कार्से, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा, जीशान अंसारी, शिवांग कुमार, सलिल अरोड़ा, साकिब हुसैन, ओंकार तरमाले, अमित कुमार, प्रफुल्ल हिंगे, क्रेन्स फुलेट्रा, लियाम लिविंगस्टोन, शिवम मावी और जैक एडवर्ड्स शामिल हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.